शिवपुरी मे शाादी या साजिश, एक घंटे की दुल्हन, बारात बंधक, नकदी जेवर सहित दुल्हन भी लूट ले गए

vikas
0
shivpuri-samachar

पवन पाठक पिछोर।
शिवपुरी जिले के पिछोर में शादी के नाम पर ठगी का ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। हरियाणा से भाई की बारात लेकर आए परिवार को पहले मंदिर में शादी कराई गई, लेकिन महज एक घंटे बाद विदाई के दौरान फिल्मी अंदाज में रास्ता रोककर पूरी बारात को बंधक बना लिया गया। दुल्हन के कथित परिजनों ने नकदी, सोने की चेन और मोबाइल लूट लिया, फिर फोन-पे से एक लाख रुपए ट्रांसफर कराए और आखिर में नई नवेली दुल्हन को भी अपने साथ ले गए। बाद में पता चला कि दुल्हन का आधार कार्ड भी फर्जी था। इससे पिछोर क्षेत्र में सक्रिय लुटेरी दुल्हन गैंग की आशंका गहरा गई है।

एक घंटे की शादी... फिर शुरू हो गया लूट का खेल
जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर संगठित ठगी और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरियाणा के गुरुग्राम (सोहना) से अपने भाई की शादी कराने आए परिवार को पहले मंदिर में शादी कराई गई और कुछ ही देर बाद रास्ते में हमला कर लाखों रुपए की लूट को अंजाम दिया गया। इतना ही नहीं, जिस युवती से शादी कराई गई थी, उसे भी आरोपी अपने साथ ले गए। पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की शिकायत पिछोर थाने में दर्ज कराई है।

पीड़िता प्रीति फोगाट, पत्नी सुधीर फोगाट, निवासी ग्राम घेगौला, तहसील सोहना, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसके भाई योगेंद्र कुमार जाखड़ की शादी नहीं हो रही थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के महरानीपुर क्षेत्र निवासी काशीराम अहिरवार और शैलेंद्र अहिरवार ने उनके नाना टेक सिंह से संपर्क कर शादी कराने का भरोसा दिलाया। उनके कहने पर 13 जुलाई को परिवार हरियाणा से झांसी पहुंचा, जहां से दोनों बिचौलियों के साथ पिछोर आया। यहां नए चौराहे के पास स्थित एक गांव के मंदिर में युवती से पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह कराया गया।

विदाई के एक किलोमीटर बाद घेर ली बारात
शादी के बाद जब दूल्हा अपनी नई नवेली दुल्हन को लेकर कार से रवाना हुआ तो महज एक किलोमीटर दूर ही बाइक सवार कई लोग पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने पत्थर मारकर कार के शीशे तोड़ दिए और जबरन सभी लोगों को बाहर निकाल लिया। इसके बाद दुल्हन को भी कार से उतार लिया गया और कहा गया कि यदि उसे वापस ले जाना है तो और पैसे देने होंगे। आरोपियों ने परिवार को बंधक बनाकर उनके पास रखे 1 लाख 25 हजार रुपए नकद, सोने की चेन और कार चालक का मोबाइल फोन छीन लिया।

फोन-पे से भी वसूले एक लाख रुपए
पीड़ित परिवार का आरोप है कि लूट के बाद भी आरोपी नहीं माने। उन्होंने और पैसों की मांग की। मजबूरी में प्रीति फोगाट ने अपने भाई महेश को फोन लगाया, जिसके बाद आरोपियों द्वारा बताए गए नंबर पर फोन-पे के माध्यम से एक लाख रुपए ट्रांसफर कराए गए। रकम मिलने के बाद भी आरोपियों ने दुल्हन को वापस नहीं किया और उसे अपने साथ लेकर फरार हो गए। करीब आधे घंटे बाद पीड़ितों ने किसी तरह डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को लेकर पिछोर थाने आई, जहां पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।

दुल्हन का आधार कार्ड भी निकला फर्जी
मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शादी के समय जिस युवती का आधार कार्ड परिवार को दिया गया था, वह भी फर्जी निकला। आधार कार्ड में युवती का नाम लाली लोधी उम्र 19 वर्ष, पिता शालिकराम लोधी, निवासी उमरी कला, पिछोर अंकित था। पीड़ित परिवार ने जब यह आधार कार्ड पुलिस को सौंपा तो प्रारंभिक जांच में उसके फर्जी होने की बात सामने आई। इससे आशंका और मजबूत हो गई कि शादी की पूरी पटकथा पहले से तैयार थी और पहचान छिपाने के लिए नकली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया।

फोटो खिंचवाने से भी बचती रही दुल्हन
प्रीति फोगाट ने बताया कि वरमाला और शादी के दौरान भी युवती लगातार अपना चेहरा कैमरे से छिपाने की कोशिश कर रही थी। उस समय परिवार ने इसे शर्म या झिझक समझा, लेकिन अब उन्हें लग रहा है कि वह अपनी पहचान छिपा रही थी ताकि बाद में उसे पहचाना न जा सके।

लुटेरी दुल्हन गैंग की आशंका
घटना के तरीके को देखकर पीड़ित परिवार का कहना है कि यह किसी एक व्यक्ति का काम नहीं बल्कि शादी के नाम पर ठगी करने वाले संगठित गिरोह का मामला प्रतीत होता है। पहले बिचौलियों के जरिए शादी तय कराना, फर्जी पहचान देना, मंदिर में जल्दबाजी में विवाह कराना और फिर रास्ते में हमला कर लूटपाट करना पूरी तरह सुनियोजित साजिश का हिस्सा लगता है।

पुलिस का पक्ष
पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह ने बताया कि हरियाणा से कुछ लोग युवक की शादी कराने आए थे। उन्होंने जिस युवती का आधार कार्ड दिया है, वह प्रथम दृष्टया फर्जी प्रतीत हो रहा है। हालांकि लूटपाट की घटना से पुलिस ने फिलहाल इनकार किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!