नरवर। शिवपुरी जिले के नरवर थाना सीमा की मगरौनी चौकी सीमा में आने वाले मोहानी ख्यावदा गांव में निवास करने वाली प्रसिद्ध यूटवर रचना गुर्जर के घर में चोरी का मामला सामने आया है। चोर सीढ़ी लगाकर घर मे घुसकर और रचना गुर्जर के परिवार को कमरे मे कैद कर दिया और लाखों के जेवरात सहित नकदी लेकर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी हैं।
जाली काटकर घर में घुसे बदमाश
पीड़िता रचना गुर्जर ने बताया कि शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। रात करीब 1 बजे अज्ञात चोर घर की बाउंड्री की लोहे की जाली काटकर अंदर प्रवेश कर गए। बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे। घर में घुसते ही चोरों ने सबसे पहले सुरक्षा व्यवस्था को निष्क्रिय करने का प्रयास किया। उन्होंने डंडे की सहायता से घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का रुख ऊपर की ओर मोड़ दिया, जिससे उनकी गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड न हो सकें।
कमरे की बाहर से कुंडी लगाकर किया चोरी का खेल
चोरों ने रचना गुर्जर के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी ताकि परिवार का कोई सदस्य बाहर न निकल सके। इसके बाद वे नीचे के कमरों में पहुंचे और वहां रखी अलमारियों एवं तालों को तोड़ना शुरू कर दिया। बदमाशों ने घर में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात, नकदी और अन्य मूल्यवान सामान चोरी कर लिया, प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत 8 लाख रुपये बताई जा रही है,वही रचना गुर्जर ने बताया कि की चोर गहनो नकदी के साथ साथ एक रेडबुल बोतल की पूरी पेटी भी ले गए।
सुबह खुला वारदात का राज
रचना गुर्जर के अनुसार सुबह करीब 4 बजे जब वह पानी पीने के लिए उठीं तो उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद मिला। स्थिति संदिग्ध लगने पर उन्होंने मोबाइल फोन से अपने परिवार के अन्य सदस्यों और जेठ को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने पर दरवाजा खुलवाया गया। जब नीचे जाकर देखा गया तो घर के कई ताले टूटे पड़े थे और अलमारियों का सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि जेवरात और नगदी गायब हैं। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
पुलिस जुटी जांच में
घटना की सूचना तत्काल मगरौनी पुलिस चौकी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी की जाएगी।
बढ़ती चोरियों से ग्रामीणों में आक्रोश
नरवर क्षेत्र में बीते कुछ महीनों से चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। कई घरों और प्रतिष्ठानों को चोर अपना निशाना बना चुके हैं। इसके बावजूद अभी तक किसी बड़े चोरी गिरोह का पर्दाफाश नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही वारदातों ने लोगों की नींद उड़ा दी है। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोर गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और चोरी गए माल की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।