पिछोर। शिवपुरी जिले के पिछोर क्षेत्र के सेमरी गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए माता मंदिर के चबूतरे पर आराम कर रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग को क्या पता था कि जिस नीम के पेड़ की छांव में वह लेटे हैं, वही कुछ ही पलों में उनकी जिंदगी छीन लेगा। अचानक वर्षों पुराना नीम का विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर उनके ऊपर आ गिरा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते पेड़ का भारी तना और टीनशेड बुजुर्ग के ऊपर गिर पड़ा। ग्रामीणों ने दौड़कर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सेमरी निवासी बादाम वंशकार उम्र 60 साल पुत्र देवीलाल वंशकार शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे गांव के माता मंदिर परिसर में बने चबूतरे पर आराम कर रहे थे। चबूतरे के ऊपर टीन शेड लगा हुआ था और उसके पास वर्षों पुराना नीम का पेड़ खड़ा था। अचानक तेज आवाज के साथ नीम का पेड़ जड़ सहित उखड़ गया और सीधे चबूतरे पर आ गिरा।
पेड़ गिरने से उसका भारी तना और टीनशेड बादाम वंशकार के ऊपर आ गया। दबने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही पिछोर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पेड़ और टीनशेड को हटाकर शव बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि माता मंदिर का यह चबूतरा गांव के लोगों के लिए विश्राम स्थल जैसा है। दोपहर के समय कई लोग यहां बैठते और आराम करते हैं। संयोग से जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त वहां केवल बादाम वंशकार ही मौजूद थे। यदि अन्य लोग भी वहां बैठे होते तो यह घटना और भी भयावह रूप ले सकती थी।
गांव के लोगों का कहना है कि पेड़ काफी पुराना हो चुका था। हालांकि किसी ने यह नहीं सोचा था कि वह अचानक इस तरह गिर जाएगा,इसके नीचे दबकर बादाम की मौत हो जाऐगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।