शिवपुरी। शिवपुरी जिले में पिछले 24 घंटो मे 4 हादसो में 3 मौतें होने की खबर मिल रही है। पत्नी के वियोग में डिप्रेशन में आकर एक पति ट्रेन की चपेट मे आ गया,वही 35 हजार रुपयों के लिए एक क्रेशर-कर्मी की हत्या कर शव को महुए के पेड़ के नीचे फेंक दिया गया, तो कहीं शादी समारोह में जा रहे परिवार की बाइक को कार ने रौंद दिया। एक तरफ पुरानी रंजिश में पड़ोसियों ने सो रहे किसान की झोपड़ी को आग के हवाले कर दिया।
पत्नी के वियोग में डिप्रेशन, ट्रेन की चपेट में आया युवक
कोतवाली थाना क्षेत्र के रातौर गांव के पास 35 वर्षीय राजाराम जाटव रेलवे ट्रैक के पास लहूलुहान हालत में मिला। बताया जा रहा है कि राजाराम की पत्नी तीन महीने पहले बच्चों को लेकर छत्तीसगढ़ मायके चली गई थी और वापस नहीं लौटी। इसी वियोग में राजाराम गहरे डिप्रेशन में चला गया था। गुरुवार सुबह वह घर से निकला और ट्रेन की चपेट में आ गया। उसके हाथ, सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस जांच कर रही है कि यह महज हादसा है या खुदकुशी की कोशिश।
35 हजार रुपए बने मौत का कारण
पोहरी थाना क्षेत्र में 32 वर्षीय लवकुश परिहार का शव झिरी-अतरौआ रोड पर एक महुआ के पेड़ के नीचे संदिग्ध हालत में मिला। लवकुश क्रेशर पर काम करता था और बुधवार को ही उसे 35 हजार रुपए वेतन मिला था। परिजनों का आरोप है कि पैसों के लालच में उसकी हत्या की गई है, क्योंकि मौके से पैसे, मोबाइल और बाइक तीनों गायब हैं। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को श्योपुर-शिवपुरी हाईवे पर रखकर चक्काजाम कर दिया। फिलहाल पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदलीं
कोलारस थाना क्षेत्र के एनएच-46 पर पूरनखेड़ी गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। गुड़ा गांव का 40 वर्षीय राजू आदिवासी अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहा था। उसके साथ तीन किशोरियां भी सवार थीं। तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने राजू को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीनों घायल बालिकाओं का इलाज जारी है।
पुरानी रंजिश में हैवानियत
नरवर थाना क्षेत्र में दुश्मनी का एक खौफनाक चेहरा सामने आया। 60 वर्षीय किसान पीरा शाह रात के समय अपने खेत की झोपड़ी में सो रहे थे, तभी उनके पड़ोसी हबीब और नाजू शाह ने पुरानी रंजिश के चलते झोपड़ी में आग लगा दी। पीरा शाह ने जागकर शोर मचाया और अपनी जान बचाई, लेकिन देखते ही देखते 2 लाख रुपए का गेहूं, बीज और कृषि उपकरण जलकर खाक हो गए। पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धाराओं में दोनों पड़ोसियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।