जिला कांग्रेस टीम घोषित, OBC पर सबसे बड़ा दांव, महिलाओं को सबसे कम स्थान

vikas
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी।
कांग्रेस की शिवपुरी जिला इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है। जिला अध्यक्ष मोहित अग्रवाल द्वारा घोषित 51 सदस्यीय कार्यकारिणी में सामाजिक संतुलन साधने का प्रयास तो दिखाई देता है, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि संगठन में सबसे अधिक हिस्सेदारी अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को मिली है। कार्यकारिणी में ओबीसी वर्ग के 21 पदाधिकारी शामिल किए गए हैं, जो कुल संरचना का 41.18 प्रतिशत है। इसके बाद सामान्य वर्ग को 29.41 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिला है।

नई कार्यकारिणी में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के 6-6 पदाधिकारी शामिल किए गए हैं, जिनकी हिस्सेदारी 11.76-11.76 प्रतिशत है। वहीं मुस्लिम समाज को 7.84 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया है। कांग्रेस की यह सामाजिक इंजीनियरिंग आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न वर्गों को साधने की रणनीति के रूप में देखी जा रही है।

हालांकि महिला प्रतिनिधित्व के मामले में तस्वीर उत्साहजनक नहीं है। 51 सदस्यीय कार्यकारिणी में केवल दो महिलाओं को स्थान मिला है, जो कुल संरचना का महज 3.92 प्रतिशत है। यानी संगठन में महिलाओं की हिस्सेदारी 4 प्रतिशत से भी कम है। ऐसे में सामाजिक संतुलन के दावे के बीच महिला प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं।

प्रदेश के नए फार्मूले के तहत बनी कार्यकारिणी
जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस संगठन ने इस बार जिला कार्यकारिणी के गठन के लिए नया फार्मूला लागू किया है। जिन जिलों में तीन से कम विधानसभा क्षेत्र हैं, वहां 31 सदस्यीय कार्यकारिणी का प्रावधान किया गया है, जबकि तीन से अधिक विधानसभा क्षेत्रों वाले जिलों में 51 सदस्यीय कार्यकारिणी बनाई जा रही है। शिवपुरी जिले में शिवपुरी, कोलारस, पोहरी, करैरा और पिछोर सहित पांच विधानसभा क्षेत्र हैं। इसी कारण यहां 51 सदस्यीय जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया है। संगठन ने सभी विधानसभा क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है।

उपाध्यक्ष पदों पर ओबीसी नेताओं की मजबूत मौजूदगी
कांग्रेस ने जिले में 10 उपाध्यक्ष नियुक्त किए हैं, जिनमें आधे यानी 5 पद ओबीसी वर्ग को दिए गए हैं। ओबीसी वर्ग से रामेश्वर दयाल यादव, राजकुमार यादव, रामकुमार दांगी, शंकर कुशवाह और शिशुपाल पाल को उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा अनुसूचित जाति वर्ग से मान सिंह जाटव, अनुसूचित जनजाति से जगराम आदिवासी, सामान्य वर्ग से चंद्रकांत शर्मा मामा और कालीचरण शर्मा तथा मुस्लिम समाज से वासित अली को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

महिला प्रतिनिधित्व पर उठ सकते हैं सवाल
नई कार्यकारिणी में महिलाओं की भागीदारी बेहद सीमित रही है। 51 सदस्यीय टीम में केवल दो महिलाओं को स्थान मिला है। कैलाशी आदिवासी को सचिव और ऊषा लोधी को प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है। महिलाओं को कम प्रतिनिधित्व मिलने के सवाल पर जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल का कहना है कि महिला कांग्रेस, सेवादल और अन्य महिला संगठनों के माध्यम से भी महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाती है। हालांकि राजनीतिक हलकों में इस मुद्दे को लेकर चर्चा शुरू हो गई है कि कांग्रेस की नई टीम में महिलाओं की संख्या अपेक्षाकृत कम क्यों रखी गई।

चुनावी नजरिए से अहम मानी जा रही नई टीम
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस ने नई जिला कार्यकारिणी के जरिए जिले के प्रमुख सामाजिक समूहों को साधने का प्रयास किया है। विशेष रूप से ओबीसी वर्ग को बड़ी हिस्सेदारी देकर पार्टी ने स्पष्ट संकेत दिया है कि आगामी चुनावों में वह इस वर्ग को अपनी रणनीति के केंद्र में रखने जा रही है। अब देखना होगा कि यह नया संगठनात्मक ढांचा जमीनी स्तर पर कांग्रेस को कितना फायदा पहुंचाता है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!