पवन पाठक पिछोर। शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के खनियाधाना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गूड़र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। एक घर में अचानक लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और गैस सिलेंडर में हुए भीषण विस्फोट के चलते 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8 बजे गूड़र गांव में प्रजापति परिवार के घर में महिला रसोई में गैस चूल्हे पर नाश्ता तैयार कर रही थी। उसी दौरान अचानक गैस से आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने रसोई में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार के अन्य सदस्य उस समय घर में सो रहे थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग तेजी से फैलते हुए गैस सिलेंडर तक पहुंच गई। कुछ ही देर बाद सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि घर की एक दीवार भरभराकर गिर गई। आग और दीवार गिरने की चपेट में आने से घर में मौजूद लोग गंभीर रूप से झुलस गए और घायल हो गए।
हादसे में 14 वर्षीय जाह्नवी पुत्री प्राण सिंह प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्राण सिंह पुत्र फूल सिंह, रोशनी पत्नी प्राण सिंह, शिवा पुत्र प्राण सिंह तथा कल्ला पुत्र शिशुपाल आदिवासी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलने पर दमकल की टीम भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक पीतम सिंह लोधी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों से भी घायलों के बेहतर उपचार और पीड़ित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।