शिवपुरी, छात्राओं को कीड़े वाला खाना खिलाने वाली छात्रावास की अधीक्षिका को हटाया

vikas
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी।
शासकीय अनुसूचित जाति कन्या पोस्ट मैट्रिक छात्रावास की छात्राओं की लगातार शिकायतों ने आखिरकार प्रशासन को कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया। खाने में कीड़े मिलने, पानी की किल्लत, गंदगी और अधीक्षिका के व्यवहार को लेकर उठे सवालों के बाद छात्रावास अधीक्षिका प्रीति सूर्येश को उनके प्रभार से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश पर हुई जांच में लापरवाही और अव्यवस्थाओं की पुष्टि होने के बाद की गई।

मामला तब सुर्खियों में आया जब छात्रावास की छात्राएं 9 जून को जनसुनवाई में पहुंचीं और अपनी समस्याएं कलेक्टर के सामने रखीं। इसके बाद 11 जून को भी छात्राओं का एक समूह कलेक्ट्रेट पहुंचा। छात्राओं ने आरोप लगाया कि उन्हें परोसे जाने वाले भोजन में कीड़े निकल रहे हैं, छात्रावास में पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं है, शौचालयों की संख्या कम है और साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है। इतना ही नहीं, छात्राओं ने यह भी कहा कि शिकायत करने के बाद उन्हें प्रताड़ित और धमकाया जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल जांच दल गठित किया। जांच टीम ने छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी। रिपोर्ट में छात्रावास संचालन में कई खामियां और अधीक्षिका की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की अनुशंसा की गई।

जिला संयोजक, जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जारी आदेश में अधीक्षिका प्रीति सूर्येश को तत्काल प्रभाव से छात्रावास के अधीक्षकीय प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। उन्हें अब शासकीय अनुसूचित जनजाति बालक आश्रम शाला कोटा में शिक्षकीय कार्य के लिए पदस्थ किया गया है।

वहीं छात्रावास की व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए शासकीय अनुसूचित जाति कन्या सीनियर छात्रावास फतेहपुर में पदस्थ प्राथमिक शिक्षिका अनीता तिग्गा को नया प्रभार सौंपा गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

इस कार्रवाई को छात्राओं की शिकायतों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अब छात्राओं को उम्मीद है कि नई व्यवस्था के तहत छात्रावास में भोजन, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं में सुधार देखने को मिलेगा।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!