शिवपुरी। शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के खनियाधाना थाना क्षेत्र के नयागांव गोलाकोट में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। खेत के कुएं में नहाने गए 19 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक शुक्रवार दोपहर से लापता था, जिसकी तलाश में पुलिस, एसडीईआरएफ और गोताखोरों की टीम लगातार जुटी रही। करीब 24 घंटे बाद शनिवार को युवक का शव कुएं से बरामद किया गया।
नहाने के लिए गया था कुएं पर
जानकारी के अनुसार नयागांव गोलाकोट निवासी **अमित जाटव (19) पुत्र** शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे गांव के पास झूतरी की पुलिया के नजदीक स्थित एक खेत के कुएं पर नहाने के लिए गया था। बताया जा रहा है कि नहाते समय वह कुएं के गहरे हिस्से में पहुंच गया और पानी में डूब गया। जब काफी देर तक अमित घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान ग्रामीणों को आशंका हुई कि वह कुएं में डूब गया है।
ग्रामीणों ने शुरू की तलाश, पुलिस को दी सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण कुएं के पास पहुंच गए। परिजनों ने तत्काल खनियाधाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार को देर शाम तक चले खोज अभियान के बावजूद अमित का कोई पता नहीं चल सका। कुएं की गहराई और पानी अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
एसडीईआरएफ और गोताखोरों ने संभाला मोर्चा
युवक के लापता होने की सूचना पर एसडीईआरएफ टीम और प्रशिक्षित गोताखोरों को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस, गोताखोरों और एसडीईआरएफ की संयुक्त टीम ने रात तक खोजबीन जारी रखी, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार सुबह एक बार फिर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद बचाव दल को सफलता मिली और अमित जाटव का शव कुएं से बाहर निकाल लिया गया।
गांव में पसरा मातम
युवक का शव बाहर आते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोगों की आंखें भी नम हो गईं। अमित की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि वह परिवार का युवा सदस्य था और उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मर्ग कायम, जांच शुरू
खनियाधाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से हुई दुर्घटनात्मक मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।