शिवपुरी गुडर अग्निकांड मे चौथी मौत, अब शिवा ने भी तोडा दम, रोशनी की जंग जारी

vikas
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी।
खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़र में पिछले सप्ताह हुए भीषण विस्फोट ने एक और मासूम की जान ले ली। ग्वालियर के अस्पताल में उपचार के दौरान डेढ़ वर्षीय शिवा प्रजापति की मंगलवार को मौत हो गई। इसके साथ ही इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, शिवा के पिता प्राण सिंह प्रजापति, चार वर्षीय बहन जानवी प्रजापति तथा पड़ोसी 11 वर्षीय कल्ला आदिवासी की पहले ही मौत हो चुकी थी। अब शिवा की मौत ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। वहीं शिवा की मां रौशनी प्रजापति गंभीर रूप से झुलसी हुई हैं और ग्वालियर में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

खाना बनाते समय हुआ था भीषण धमाका
यह दर्दनाक हादसा पिछले बुधवार सुबह उस समय हुआ था जब प्राण सिंह प्रजापति के घर में नाश्ता तैयार किया जा रहा था। अचानक हुए जोरदार धमाके से पूरा मकान हिल गया। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान की दीवारें और छत भरभराकर गिर गईं तथा घर में आग लग गई।

धमाके और आग के कारण घर में मौजूद सभी लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

हादसे के बाद एक-एक कर बुझते गए चिराग
हादसे में सबसे पहले चार वर्षीय जानवी प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई थी। वह मलबे में दबने और आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुई थी। इसके बाद उपचार के दौरान 11 वर्षीय कल्ला आदिवासी ने दम तोड़ दिया। गुरुवार शाम को गंभीर रूप से झुलसे प्राण सिंह प्रजापति की भी मौत हो गई थी।

मंगलवार को डेढ़ वर्षीय शिवा प्रजापति की मौत के साथ ही यह त्रासदी और भी दर्दनाक हो गई। एक ही परिवार के पिता, पुत्र और पुत्री की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

पेट्रोल-डीजल या गैस सिलेंडर, जांच में जुटा प्रशासन
प्रशासन और पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि घर में रखे पेट्रोल या डीजल में आग लगने से विस्फोट हुआ होगा। हालांकि गैस सिलेंडर फटने की संभावना को भी जांच के दायरे में रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

गांव में पसरा मातम
एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत से गुड़र गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। हर किसी की निगाह अब अस्पताल में भर्ती रौशनी प्रजापति की सेहत पर टिकी हुई है, जिनके स्वस्थ होने की प्रार्थना की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!