शिवपुरी। शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत भटनावर गांव में रहने वाले एक परिवार ने गांव के ही तीन लोगों पर धमकाने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पीड़िता आशा बैरागी पत्नी मोनू बैरागी निवासी थाना भटनावर ने अपने आवेदन में बताया कि गांव के अंकेश धाकड़, सत्येंद्र धाकड़ एवं गोविंद धाकड़ लगातार उनके परिवार को धमका रहे हैं। आरोप है कि आरोपी खुद को प्रभावशाली बताते हुए कहते हैं कि वे सुरेश राठखेड़ा के रिश्तेदार हैं और उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। साथ ही आरोपियों द्वारा यह भी कहा जाता है कि जहां शिकायत करनी हो कर दो, उनका कोई कुछ नहीं कर पाएगा।
पीड़िता का कहना है कि आरोपीगण दबंग एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं, जिनके कारण पूरा परिवार भय के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर है। परिवार को लगातार इस बात का डर बना हुआ है कि आरोपी किसी भी समय गंभीर घटना को अंजाम दे सकते हैं।
आशा बैरागी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि उनके पति या परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित आरोपियों की होगी। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय दिलाने और सुरक्षा प्रदान करने की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।