शिवपुरी। जिले में नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। अलग-अलग मामलों में पुलिस ने जहां एक गुमशुदा नाबालिग बालिका को मुरैना से सुरक्षित बरामद किया, वहीं किशोरी से बलात्कार के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पहले मामले में थाना पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने और उसके साथ बलात्कार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि 1 मई 2026 को करोंदी कॉलोनी काली माता मंदिर के पास रहने वाली एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को अरुण कुमार जाटव बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। विवेचना के दौरान 12 मई को किशोरी को दस्तयाब कर लिया गया। पीड़िता के बयान और मेडिकल परीक्षण के बाद मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी अरुण पुत्र अतर सिंह जाटव उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम मनपुरा थाना भौती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
नाबालिग को किया मुरैना से बरामद
वहीं दूसरे मामले में जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत आमोलपठा चौकी पुलिस ने एक नाबालिग बालिका को जिला मुरैना से सकुशल बरामद किया। जानकारी के अनुसार 5 मई 2026 को बालिका बिना बताए घर से चली गई थी, जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी अंजली सिंह ने टीम के साथ कार्रवाई की। साइबर सेल और तकनीकी सहायता के जरिए बालिका की लोकेशन मुरैना में ट्रेस की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
दोनों मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जहां एक ओर परिजनों ने राहत की सांस ली, वहीं यह संदेश भी गया कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में पुलिस अब तेजी और गंभीरता से कार्रवाई कर रही है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।