शिवपुरी, मौत के 5 चेहरे,कुएं, सड़क, करंट, जहर और खून की कमी ने ली 5 जिंदगियां

vikas
0
shivpuri samachar

शिवपुरी।
शिवपुरी जिले में पिछले 24 घंटे में 5 मौत जिले के अलग अलग थाना सीमाओ मे हादसो मे हुई,शिवपुरी के लिए बीता हुआ मंगलवार ब्लैक मंगलवार साबित हुआ है। एक मामले में शिवपुरी शर्मसार हुई है। कुएं में डूबने से किशोर की जिंदगी खत्म हो गई, तो कहीं सड़क हादसे में छात्र ने दम तोड़ दिया। बिजली के करंट और जहरीली दवा ने दो लोगों की जान ले ली, वहीं मेडिकल कॉलेज में कथित रूप से समय पर खून नहीं मिलने से 13 महीने की मासूम बच्ची की मौत ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। 

अमोला में कुएं में डूबने से किशोर की मौत
अमोला थाना क्षेत्र के अमोला नंबर-1 गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार गुड्डुराम आदिवासी ने पुलिस को बताया कि उनका भतीजा रिंकू आदिवासी मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे गांव के पास स्थित कुएं में नहाने गया था। नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। गांव के राजा आदिवासी ने घटना देखकर परिवार को सूचना दी।

परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद रिंकू को कुएं से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल 112 वाहन की मदद से कौरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

खैराघाट माता मंदिर के सामने सड़क हादसे में छात्र की मौत

करैरा थाना क्षेत्र के भितरवार रोड स्थित खैराघाट माता मंदिर के सामने मंगलवार को हुए सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक शेर सिंह जाटव ग्राम लालपुर का निवासी था और करैरा में रहकर पढ़ाई करता था। बताया जा रहा है कि गांव में राशन वितरण की सूचना मिलने पर वह बाइक से गांव जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि शेर सिंह सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। लोगों का कहना है कि हेलमेट होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी है।

करंट और जहरीली दवा से दो मौतें

शिवपुरी जिला अस्पताल में मंगलवार को दो अलग-अलग मामलों में मौतें सामने आईं। एक बुजुर्ग की मौत बिजली का करंट लगने से हुई, जबकि दूसरे व्यक्ति ने जहरीली दवा का सेवन कर जान गंवा दी।

जानकारी के अनुसार सिरसौद क्षेत्र के मुद्देरी गांव निवासी डोंगर सिंह तोमर घर के बाहर बैठे थे। तभी अचानक बिजली लाइन का तार टूटकर उनके ऊपर गिर गया। करंट लगने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं सर्किट हाउस रोड निवासी सरवन पाल ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीली दवा का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


मेडिकल कॉलेज में ब्लड नहीं मिलने से मासूम की मौत का आरोप
शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती 13 महीने की बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। बच्ची के पिता का कहना है कि समय पर AB पॉजिटिव ब्लड नहीं मिलने के कारण उनकी बेटी ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।

राजस्थान के बारा जिले के कस्बाथाना निवासी बबलू जाटव अपनी बेटी नेहा जाटव को चार दिन पहले इलाज के लिए शिवपुरी मेडिकल कॉलेज लेकर आए थे। बच्ची भर्ती थी और उसका उपचार चल रहा था।

पिता के अनुसार मंगलवार सुबह तक बच्ची की हालत सामान्य थी। करीब 10:30 बजे डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची के शरीर में खून की भारी कमी है और तुरंत AB पॉजिटिव ब्लड की जरूरत है। आरोप है कि मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में खून उपलब्ध नहीं था। परिजनों ने अपने स्तर पर भी काफी प्रयास किए, लेकिन समय पर ब्लड की व्यवस्था नहीं हो सकी।

परिजनों का आरोप है कि खून के अभाव में मासूम बच्ची ने तड़पते हुए दम तोड़ दिया। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और ब्लड बैंक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!