पिपरसमा मंडी मे पीने के पानी को लेकर हंगामा, सचिव का मोबाइल स्वीच आफ

vikas
0
shivpuri news
शिवपुरी। भीषण गर्मी के बीच पिपरसमा अनाज मंडी में बुधवार को पेयजल संकट ने किसानों और हम्मालों का गुस्सा भड़का दिया। 42 डिग्री सेल्सियस तापमान में पानी की व्यवस्था ठप होने से नाराज किसानों ने मंडी परिसर में जमकर हंगामा किया और मंडी प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए शिकायत लेकर सचिव कार्यालय पहुंच गए। स्थिति ऐसी बन गई कि फसल बेचने आए किसान बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान नजर आए।

इन दिनों जिले में तेज गर्मी लोगों की परीक्षा ले रही है। ऐसे में बड़ी संख्या में किसान रात से ही अपनी ट्रॉलियों में उपज लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। नीलामी और फसल बिक्री की प्रक्रिया देर शाम तक चलने के कारण किसानों को पूरा दिन मंडी परिसर में ही बिताना पड़ता है। लेकिन मंडी में पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधा भी उपलब्ध नहीं होने से किसानों का आक्रोश फूट पड़ा।

‘सुविधायुक्त मंडी’ के दावे खोखले
किसानों ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपए खर्च कर बनाई गई पिपरसमा अनाज मंडी को सर्वसुविधायुक्त बताया गया था। यहां शुद्ध पेयजल, शौचालय, विश्राम स्थल और बड़े शेड जैसी व्यवस्थाएं होने के दावे किए गए थे, लेकिन वर्तमान में अधिकांश सुविधाएं बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी हैं। किसानों का कहना है कि गर्मी में दिनभर मंडी में बैठने के बावजूद उन्हें पीने के लिए साफ पानी तक नसीब नहीं हो रहा।

मोटर चोरी, पानी सप्लाई ठप
जब किसानों ने पानी की मांग को लेकर विरोध शुरू किया तो उन्हें बताया गया कि मंडी के बोरवेल की मोटर चोरी हो गई है, जिसके चलते पानी की सप्लाई बंद है। आनन-फानन में एक पानी का टैंकर मंगवाया गया, लेकिन मंडी में मौजूद किसानों और हम्मालों की संख्या अधिक होने के कारण कुछ ही देर में टैंकर खाली हो गया। इसके बाद माहौल और गर्मा गया।

हम्माल भी उतरे समर्थन में
किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए मंडी में काम करने वाले हम्माल भी उनके समर्थन में उतर आए। उन्होंने भी मंडी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्थायी पेयजल व्यवस्था करने की मांग उठाई। काफी देर तक चले विरोध और हंगामे के बाद मंडी प्रबंधन ने जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, तब जाकर मामला शांत हुआ।

सचिव ने नहीं उठाया फोन
इस पूरे मामले में मंडी सचिव बालेश शुक्ला से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। किसानों का कहना है कि यदि जल्द स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!