शिवपुरी। शिवपुरी की बेटी का दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आइकोनिक वूमेन ऑफ इंडिया अवॉर्ड से सम्मान किया गया है। कार्यक्रम में भारत के 31 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित महिला प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिसमें शिवपुरी के खिन्नी नाका रोड़ स्थित कान्हा कुंज कॉलोनी में रहने वाली ज्योतिषी डॉ छवि दुबे भी शामिल हुईं।
बीते रोज हुए इस कार्यक्रम में देश की प्रतिष्ठित एवं ऐतिहासिक 100 महिलाओं को आईकॉनिक वूमेन ऑफ इंडिया अवार्ड 2026 से नवाजा गया। आयोजन में शामिल सभी प्रतिभागियों में सबसे कम उम्र की प्रतिभागी डॉ छवि दुबे (21) पुत्री बबीता अनिल दुबे को ज्योतिष के क्षेत्र में रेकी, चक्र संतुलन, कुंडली विश्लेषण और टैरो रीडिंग में विशेषज्ञता हासिल करने पर सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान उन्हें प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री रितु शिवपुरी ने दिया। इससे पहले भी उन्हें मैसूर में आयोजित द प्राउड विनर अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है, जो उन्हें इनोवेटर इन साइंस एंड रिसर्च श्रेणी में प्रदान किया गया था। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली उन असाधारण महिलाओं को सम्मानित करना था, जिन्होंने अपने कार्यों और उपलब्धियों से समाज के लिए प्रेरणा स्त्रोत का कार्य किया है।
आयोजक तबस्सुम हक ने देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचीं सभी महिला प्रतिभागियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह समारोह एक बड़े सामाजिक अभियान की शुरुआत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल प्रतिवर्ष आयोजित की जाएगी, ताकि भारत की मेहनती और प्रतिभाशाली महिलाओं को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान और पहचान मिलती रहे।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।