शिवपुरी। आमतौर पर राजनीतिक दल पहले कागजों में बनते हैं, फिर संगठन खड़े होते हैं और उसके बाद सोशल मीडिया पर प्रचार शुरू होता है। लेकिन कॉकरोज जनता पार्टी ने यह पूरा क्रम उलट दिया है। यह ऐसी पार्टी बनकर उभरी है, जिसका जन्म पहले सोशल मीडिया पर हुआ और अब उसके समर्थक समूहों में इकट्ठा होकर जमीन पर दिखाई देने लगे हैं। सोमवार को इसका नजारा शिवपुरी में देखने को मिला, जब डिग्रीधारी बेरोजगार युवाओं ने कॉकरोज जनता पार्टी के बैनर तले प्रेस वार्ता आयोजित कर शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं पर खुलकर नाराजगी जताई।
प्रेस वार्ता में युवाओं ने कहा कि देशभर में पढ़े-लिखे युवा लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनका भविष्य बर्बाद कर रही हैं। युवाओं का कहना था कि सोशल मीडिया पर शुरू हुआ यह अभियान अब उन लाखों छात्रों की आवाज बनता जा रहा है, जो सिस्टम से नाराज हैं।
नीट पेपर लीक ने लाखों सपनों को तोड़ा
प्रेस वार्ता में बिक्की यादव ने कहा कि हाल ही में सामने आए नीट पेपर लीक मामले ने लाखों छात्रों के सपनों पर चोट पहुंचाई है। वर्षों की मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का भरोसा परीक्षा प्रणाली से उठता जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है, वरना युवाओं का आक्रोश और बढ़ेगा।
युवाओं ने सरकार को याद दिलाया कि वर्ष 2024 में पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाया गया था, जिसमें 10 साल तक की सजा और एक करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। इसके बावजूद लगातार सामने आ रहे मामलों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया भी बनी नाराजगी की वजह
प्रेस वार्ता में मध्य प्रदेश की भर्ती परीक्षाओं में लागू नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए। युवाओं का कहना था कि यह फार्मूला इतना जटिल है कि अधिकांश अभ्यर्थियों को समझ ही नहीं आता कि उनके अंक कैसे तय हुए। उन्होंने मांग की कि भर्ती और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सरल बनाया जाए।
सोशल मीडिया अभियान नहीं, युवाओं का आंदोलन
बिक्की यादव ने दावा किया कि कॉकरोज जनता पार्टी भले ही फिलहाल सोशल मीडिया आधारित अभियान हो, लेकिन इससे लाखों युवा जुड़ चुके हैं। इंस्टाग्राम, यूट्यूब और अन्य प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स इस मुहिम का समर्थन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भोपाल में हुई प्रेस वार्ता से प्रेरित होकर शिवपुरी में यह आयोजन किया गया है और आने वाले समय में प्रदेशभर में छात्र हितों की आवाज उठाई जाएगी।
शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग
प्रेस वार्ता में युवाओं ने पार्टी के फाउंडर अभिजीत द्वारा उठाई गई शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग का समर्थन किया। उनका कहना था कि नैतिक जिम्मेदारी तय होना जरूरी है और पेपर लीक जैसे मामलों में जिम्मेदार लोगों को जवाब देना चाहिए।
युवाओं ने यह भी संकेत दिए कि यदि यह संगठन भविष्य में राजनीतिक रूप लेता है, तो उसका मुख्य फोकस युवाओं का भविष्य, रोजगार, शिक्षा और आम जनता के मुद्दे होंगे।प्रेस वार्ता में विक्की यादव के साथ पुष्पेंद्र, शैलेन्द्र और शिवराम भी मौजूद रहे।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।