शिवपुरी। शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) व्यवस्था को बढ़ावा देने और घरेलू गैस संकट से निपटने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिन कॉलोनियों में पीएनजी लाइन पहले से उपलब्ध है, वहां रहने वाले उपभोक्ताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसा नहीं करने पर भविष्य में एलपीजी सिलेंडर की सुविधा बंद की जा सकती है।प्रशासन द्वारा तय किए गए नियमों के अनुसार, जिन घरों तक पीएनजी पाइपलाइन पहुंच चुकी है, उन्हें 10 दिनों के भीतर गैस कनेक्शन शुरू कराना होगा। इसके लिए केवल 1529 रुपए का निर्धारित शुल्क रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ ले सकें।
अधिकारियों ने बताया कि कई क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछने के बावजूद लोग अब भी एलपीजी सिलेंडर का उपयोग कर रहे हैं। इसे देखते हुए अब विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन कॉलोनियों में कैंप लगाकर ऐसे घरों की सूची तैयार की जाएगी जिन्होंने अभी तक पीएनजी कनेक्शन नहीं लिया है।
अपर मुख्य सचिव राशिम अरुण शमी के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन ने इस दिशा में तेजी से काम शुरू कर दिया है। पहले चरण में पाइपलाइन वाले क्षेत्रों का सर्वे किया जाएगा और जिन उपभोक्ताओं ने कनेक्शन नहीं लिया है, उन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस के बाद भी निर्धारित समय में कनेक्शन नहीं लेने पर सख्त कार्रवाई करते हुए तीन माह के भीतर एलपीजी कनेक्शन काटे जा सकते हैं।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अधिकारी तुलेश्वर कुर्रे के अनुसार, शिवपुरी शहर की 17 से 18 कॉलोनियों में करीब 3500 पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य तय किया गया है। अब तक लगभग 900 कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जबकि आगामी एक महीने में 1500 और कनेक्शन जारी करने की योजना है।
प्रशासन ने सरकारी संस्थानों, बड़े होटलों और उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी है जहां पाइपलाइन पहले से मौजूद है। फिलहाल ग्वालियर बायपास रोड, झांसी तिराहा रोड, नक्षत्र गार्डन, विवेकानंद कॉलोनी, श्रीराम कॉलोनी, सिया गार्डन के सामने और कृष्पुरम कॉलोनी सहित कई इलाकों में तेजी से पीएनजी कनेक्शन दिए जा रहे हैं।
प्रशासन का मानना है कि पीएनजी व्यवस्था लागू होने से गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी, सिलेंडर पर निर्भरता कम होगी और उपभोक्ताओं को सुरक्षित व सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।