BF के साथ रहने के लिए विवाहित GF ने खुद को मृत घोषित करने की साजिश रची- CRIME NEWS

मैहर।
मैहर में एक ऐसा मामला सामने आया है। जिसकी कहानी किसी फिल्म की स्टोरी से कम नहीं है। यहां एक महिला ने खुद को मृत घोषित करने के लिए खुद ही अपनी मौत का नाटक रचा और लापता हो गई। लोगों ने समझा कि वाकई उसकी मौत हो चुकी है लेकिन पुलिस ने उसे जिंदा खोज निकाला।

हासिल जानकारी के मुताबिक मैहर पुलिस ने मृत समझी जा रही महिला को जिंदा खोज निकाला है। उसके साथ उसका प्रेमी भी पकड़ा गया है। हालांकि महिला सतना के डालीबाबा मोहल्ले में मिली, जबकि उसका प्रेमी बांदा से पकड़ में आया है। महिला से पूछताछ में जो जानकारी सामने आई वह किसी फिल्म की स्टोरी से कम नहीं थी। लिहाजा पुलिस भी हैरान रह गई।

पुलिस के मुताबिक मैहर के घूरपुरा गांव में 26 दिसंबर की सुबह एक घर में अचानक आग लग गई। सूचना पर पुलिस मैहर पहुंची तो बताया गया कि जिस वक्त आग लगी, वहां महिला भी थी। जिसकी शायद जलने से मौत हो गई। पुलिस ने जांच पड़ताल की। लेकिन घर के अंदर किसी इंसान के जलकर मरने के कोई सबूत नहीं मिले। उधर, महिला के मायके पक्ष के लोग भी बांदा से घूरपुरा पहुंच गए और आरोप लगाने लगे कि उनकी बेटी को ससुराल वालों ने साजिश कर जलाकर मार डाला है।

घर में किसी के जलने का कोई सबूत नहीं मिलने और महिला को घर से बाहर निकलते समय किसी के नहीं देखने से हैरान परेशान पुलिस की मुश्किलें इन आशंकाओं और आरोपों ने ओर बढ़ा दी थी। पुलिस ने गुम इंसान का प्रकरण कायम कर जांच शुरू की तो हाथ आई कुछ जानकारियों के जरिए वह बांदा तक जा पहुंची। वहां पुलिस को महिला के प्रेम-प्रसंग के बारे में जानकारी मिली तो साइबर सेल की मदद लेकर मैहर पुलिस महिला के प्रेमी तक जा पहुंची। प्रेमी के मोबाइल नंबर को निगरानी में लेने के दौरान एक नंबर पर उसकी लगातार हो रही बात से संदेह बढ़ा। लिहाजा प्रेमी से पूछताछ शुरु कर दी गई। प्रेमी के जरिए पता चला कि महिला जिंदा है और सतना में ही है।

मैहर पुलिस ने साइबर सेल की मदद से महिला की लोकेशन ट्रेस की और सतना के डालीबाबा मोहल्ले में दबिश देकर महिला को पकड़ लिया। यहां वह किराए पर कमरा लेकर रह रही थी। उससे पूछताछ में पता चला कि उसका प्रेम-प्रसंग बीते 2 साल से अधिक समय से चल रहा था। वह अपने प्रेमी के पास जाना चाहती थी। इसके लिए उसके दिमाग मे खुद को मृत जाहिर कर किस्सा खत्म करने का प्लान आया। जिसके बाद उसने घर में आग लगा दी और खुद वहां से निकल भागी ताकि लोग यही समझें कि उसकी मौत हो गई है।