शिवपुरी। बीते रोज झांसी तिराहे पर स्थित मुन्ना फल वाले के पास एक ठग ने महिला को ग्रह नक्षत्र की पूजा कर उसके दुखों को दूर करने का झांसा देकर उसे वशीभूत कर लिया और महिला से उसके गले में पहनी सोने की चैन व अंगूठी उतरवाकर उनकी ठगी कर ली।
पीडि़त महिला ने घटना की शिकायत आवेदन देकर थाने में दर्ज कराई जहां पुलिस ने जांच के बाद कल अज्ञात ठग के खिलाफ भादवि की धारा 420 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
जानकारी के अनुसार खेड़ापति कॉलोनी में रहने वाले जयवंती पत्नि शंभू सिंह जाट 22 फरवरी को झांसी तिराहे पर मुन्ना फल वाले के यहां खड़ी थी उसी समय एक युवक उसके पास आया और उससे कहा कि वह ग्रह नक्षत्र उतारने के लिए पूजा पाठ करवाता है और लोगों के दुखों का हरण करता है। ठग की बातों में आकर जयवंती ने पूजा करवाने की स्वीकृति दे दी।
जिस पर ठग ने महिला को अपने गले में पहनी सोने की चैन और अंगूठी निकलवा ली और उससे कहा कि इसे अपने साड़ी के पल्लू में बांध ले। इसके बाद ठग ने कुछ मंत्रों का उच्चारण किया और महिला को वश में कर लिया। इसके बाद ठग ने महिला को घर जाने की बात कही और उससे कहा कि वह पीछे मुडक़र न देखे।
ठग की बातों में आकर पीडि़ता अपने घर पहुंची और उसने जब साड़ी के पल्लू की गठान खोली तो उसमें रखी चैन व अंगूठी गायब थी जिससे वह घबरा गई और उसने इस घटना के बारे में परिवार के लोगों को बताया।


प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।