शिवपुरी। जिले के इंदार थाना क्षेत्र के कुटवारा गांव में एक किसान का शव सोमवार की सुबह आम के पेड़ पर फांसी के फंदे से झूलता हुआ मिला है। किसान पिछले दो दिन से घर नहीं आया था। परिजनों ने थाने पहुंचकर मामले की सूचना दी थी। लेकिन तीसरे ही दिन किसान का शव मिल गया। परिजन पड़ोसी पर संदेह जता रहे हैं।
किसान कोकसिंह 45 पुत्र सुखलाल लोधी निवासी कुटवारा 1 दिसंबर की रात खेत पर सोने गया था। खेत पर सिंचाई के लिए मोटर चलती है। खेत पर जाने के बाद कोकसिंह लौटकर घर नहीं आया। छोटे मनोज लोधी ने दूसरे दिन इंदार थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। मनोज ने संदेही लाखन सिंह लोधी पर संदेह जताया तो पुलिस उसे पकड़कर ले गई।
पूछताछ के बाद लाखन सिंह को छोड़ दिया। लेकिन सोमवार की सुबह 10 बजे मनोज खेत पर पहुंचा तो आम के पेड़ से पिता की लाश झूलती देखी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामला गंभीर होने की वजह से एफएसएल प्रभारी एचएस बरहादिया भी मौके पर पहुंचे। पेड़ पर तौलिया का फंदा बंधा था जिस पर कोकसिंह का शव झूल रहा था।
शव को नीचे उतारकर पीएम के लिए ले जाया गया। मृतक के बेटे मनोज का कहना है कि 25 नवंबर को पिता का झगड़ा लाखन सिंह से हुआ था। खेत की मेढ़ को लेकर भी विवाद चला आ रहा है। इसीलिए परिजन पड़ोसी खेत वाले पर संदेह जता रहे हैं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।