किसानों की समृद्धि में कोई कोर कसर नहीं, मगरौनी को मिलेेगा नगर पंचायत का दर्जा: शिवराज सिंह

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसानों को समृद्ध बनाने में प्रदेश सरकार कोई कोर-कसर नहीं छोडेगी। किसानों को उनके पसीने का वाजिब दाम दिलाया जायेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को शिवपुरी जिले के पिछोर तहसील मुख्यालय पर 2208 करोड़ तीन लाख रूपये की लागत से लोअर ओर वृहद सिंचाई परियोजना के भूमिपूजन अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व राजस्व मंत्री एंव वयोवृद्ध श्री लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने की। 

विशेष अतिथि के रूप में प्रदेश के जल संसाधन, जनसम्पर्क एवं संसदीय कार्य विभाग मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील रघवंशी, पोहरी विधायक प्रहलाद भारती, पूर्व विधायक नरेन्द्र बिरथरे, पूर्व विधायक माखनलाल राठौर, देवेन्द्र जैन, रमेश खटीक, वीरेन्द्र रघुवंशी, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि मगरौनी कस्बे को नगर पंचायत का दर्जा दिया जाएगा। 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने में लोअर ओर वृहद सिंचाई परियोजना अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाहन करेगी। इस योजना के माध्यम से पिछोर, करैरा एवं दतिया के चार विधानसभा क्षेत्रों के 343 ग्रामों की 2 लाख 73 हजार एकड़ भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही इस परियोजना से खनियाधाना एवं पिछोर के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल का प्रावधान भी किया गया है। सिंचाई के साथ-साथ क्षेत्र में पेयजल की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जायेगी। 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस परियोजना के पूर्व होने से किसानों के खेत में फसल लहरायेंगी और और समृद्धि आयेगी। इस क्षेत्र के किसान भी अब अच्छी खेती कर अपने घर परिवार का जीवन स्तर वेहतर कर सकेंगे। मुख्मयंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने की दशा में वेहतर कार्य किया गया है। प्रदेश सरकार ने सिंचाई रकबे को बड़ाकर 40 लाख हैक्टेयर तक पहुंचा दिया गया है। हमारा लक्ष्य 80 लाख हैक्टेयर तक क्षेत्र को खेती के लिए पानी उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इस लक्ष्य को भी हम पूरा करेंगे। 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसानों को उनकी उपज का उचित दाम दिलाने के लिए प्रदेश में समर्थन मूल्य पर किसानों की उपज क्रय करने का कार्य किया है। संपूर्ण देश में 1765 रूपये प्रति क्विंटल पर गेहूं की खरीदी होने पर प्रदेश में किसानों की उपज दो हजार रूपये प्रति क्विंटल क्रय की गई है। मुख्यमंत्री श्री सिंह ने कहा कि आगामी दिनों में भी किसान की खेती की लागत में 50 प्रतिशत लाभांश जोडक़र समर्थन मूल्य निर्धारित किया जायेगा और उसी पर किसान की फसल का खरीदी कार्य प्रदेश सरकार करेगी। 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आवासहीनों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। हर आवासहीन को आवास उपलब्ध कराने का कार्य हम करेंगे। प्रदेश सरकार हर वर्ष 10 लाख मकान बनायेगी। आने वाले चार वर्षो में प्रदेश के हर आवासहीन को उसका खुद का आवास मुहैया कराया जायेगा। प्रदेश से गरीबी हठाने की दशा में भी कार्य किया जा रहा है। मुख्मयंत्री जन कल्याण (संबल) योजना के तहत् पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाकर उसके जीवन स्तर को ऊपर उठाने का कार्य किया जा रहा है। पंजीकृत श्रमिकों को 200 रूपये प्रतिमाह पर बिजली, आवास, बच्चों की पढ़ाई के लिए सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य सुविधायें भी उपलब्ध कराई जा रही है। 

उन्होंने कहा कि पंजीकृत श्रमिक के परिवार में सामान्य मृत्यु होने पर दो लाख रूपये और दुर्घटना में मृत्यु होने पर चार लाख रूपये की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इन योजनाओं का लाभ दिलाकर गरीबी से हर जरूरतमंद को मुक्त किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वाले सभी व्यक्ति जो किसी भी जाति या वर्ग से हो उनका पंजीयन कराकर उन्हें योजना का लाभ दिया जा रहा है। 
प्रदेश के जल संसाधन एवं जनसम्पर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने ने कहा कि सिंचाई के क्षेत्र में लोअर ओर वृहद सिंचाई परियोजना एक मील का पत्थर साबित होगी। इस परियोजना के पूर्ण होने से पिछोर जैसे पथरीले क्षेत्र में भी खेती की फसल लहरायेगी। योजना के माध्यम से क्षेत्र में समृद्धि आयेगी और किसान के यहां खुशहाली होगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को पिछोर विधानसभा क्षेत्र के 208 ग्रामों की एक लाख 67 हजार एकड़ भूमि, शिवपुरी विधानसभा के 11 ग्रामों की सात हजार एकड़ भूमि, करैरा विधानसभा के 87 ग्रामों की 67 हजार एकड़ भूमि और दतिया विधानसभा के 37 ग्रामों में 32 हजार एकड़ भूमि क्षेत्र में सिंचाई होगी। इसके साथ ही परियोजना से खनियाधाना एवं पिछोर के ग्रामीण क्षेत्र में में पीने के पानी की सुविधा भी उपलब्ध हो जायेगी। 

जल संसाधन मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने कहा कि गांव, गरीब और किसान की उन्नती के लिए प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। किसानों को सिंचाई के लिए पानी, बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी अनुकरणीय कार्य हुआ है। लोअर ओर वृहद सिंचाई परियोजना के पूर्ण होने से इससे लाभान्वित क्षेत्र में सिंचाई के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन आयेगा। अपर मुख्य सचिव श्री राधेश्याम जुलानिया ने भी लोअर ओर वृहद सिंचाई परियोजना के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी।  

कार्यक्रम के प्रारंभ में भाजपा के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार रघुवंशी ने स्वागत भाषण दिया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बैडमिंटन नेशनल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता पिछोर की कु. आशिया खांन का मंच पर बुलाकर सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वयोवृद्ध नेता श्री लक्ष्मीनारायण गुप्ता का भी शॉल श्रीफल से सम्मान किया। 

कल्याणकारी योजनाओं के तहत हितलाभ वितरण किए गए 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम में शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत् हितग्राहियों को हितलाभ का भी वितरण किया। मुख्यमंत्री समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के साथ ही अन्य योजनाओं के माध्यम से भी हितग्राहियों को लाभान्वित किया।