शिवपुरी। लगातार वृक्षों की कटाई एवं अन्य तमाम कारणों से बिगड़ते पर्यावरण का संतुलन बनाने के उद्देश्य से रविवार को शिवपुरी के वार्ड क्रमांक 31 की पटेल नगर कॉलोनी के वाशिंदों ने पटेल नगर पार्क में पौधारोपण किया। इस पौधारोपण के दौरान 51 फलदार एवं छायादार पौधे रोपित किए गए। खास बात यह है कि इस कार्य के लिए कॉलोनी वासियों ने अलग से धन नहीं जुटाया, बल्कि होलिका दहन के लिए संकलित की राशि में से इस अनूठे कार्य को किया।
पटेल नगरवासी जब चंदा एकत्रित करने के लिए पटेल नगर पार्क में एकत्र हुए तो सर्वप्रथम उन्होंने यह संकल्प लिया किया वे होलिका दहन सिर्फ कंडों से करेंगे। उनका मानना था कि अनावश्यक रूप से लकड़ी जलाना पर्यावरण की दृष्टि से उचित नहीं है। उसी दौरान पटेल नगर में निवासरत अध्यापक अरुण श्रीवास्तव के मन में याल आया कि क्यों न होलिका दहन के लिए एकत्र चंदे में से कुछ राशि बचाई जाए और इस राशि का उपयोग पार्क में ही कुछ फलदार और छायादार पौधारोपण में करें।
उनका मानना था कि ऐसा करने से न सिर्फ समाज में एक संदेश जाएगा, बल्कि होलिका दहन के दौरान शहर को जो पर्यावरण की दृष्टि से वृक्षों की क्षति हुई उसकी कुछ हद तक भरपाई हो पाएगी। श्री श्रीवास्तव के इस विचार का सभी कॉलोनीवासियों ने एक स्वर में समर्थन किया फिर चंदा जुटाने निकल पड़े। तकरीबन 60 परिवारों वाली इस कॉलोनी में चंद मिनटों में ही चंदा एकत्र हो गया और 6500 रुपए की राशि जुट गई।
सर्वप्रथम कॉलोनी वासियों ने इस राशि में से कुछ राशि खर्च कर कंडे क्रय किए और कुछ राशि से पूजन सामग्री गुलाल, मिष्ठान एवं ठंडाई क्रय की। इन सबके बाद बची 1500 रुपए की राशि से पटेल नगरवासियों ने 51 पौधे क्रय किए और रविवार सुबह सभी ने मिलकर पौधों का रोपण किया। इस कार्यक्रम में वार्ड पार्षद पंकज शर्मा महाराज की महती भूमिका रही। पर्यावरण का संतुलन बनाने के नजरिए से पटेल नगरवासियों द्वारा की गई इस अनूठी पहल की सर्वत्र सराहना हो रही है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्य में पटेल नगर में निवासरत जिन लोगों ने मु य भूमिका निभाई उनमें पीपी श्रीवास्तव, प्रो. पवन श्रीवास्तव, डॉ. एनपी श्रीवास्तव, अशोक अग्रवाल, सुरेन्द्र गौड़, भूपेन्द्र भटनागर, डॉ. ओपी अग्रवाल, श्रीचंद गुप्ता, ईशांत लेखी, सुरेश तिवारी, राजेन्द्र जैन, आरके माथुर, गौरव शर्मा, शिवम शर्मा, केएम गुप्ता, लक्ष्मीकांत गुप्ता, नरेन्द्र भार्गव, विष्णु अग्रवाल, देवेन्द्र भार्गव, संजय शर्मा, राकेश समाधिया, राजेश जैन, हरिराम रौतेले, आरबी शर्मा, मुन्नालाल शर्मा, राकेश शर्मा, रतनागरजी, नायकजी एवं पुरोहितजी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संकल्प का प्रतीक पटेल नगर पार्क
जिस पटेल नगर पार्क में यहीं के वाशिंदों ने इस अनूठी पहल का आगाज किया वह पार्क स्वयं भी एक संकल्प का ही प्रतीक है। इस क्षेत्र के वाशिंदों ने ही वर्ष 2010 में इस भूमि को शासन की मदद से भूमाफिया से मुक्त कराया था और उसके बाद यहीं के लोगों द्वारा संकल्पित होकर तत्कालीन नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रिशिका अनुराग अष्ठाना, पार्षद पंकज शर्मा के अथक प्रयासों से इस पार्क का निर्माण कराया। आज यह पार्क शहर का ऐसा इकलौता पार्क है जो न सिर्फ स्वच्छता के लिए जाना जाता है, बल्कि यहां की हरियाली देखते ही बनती है। पटेल नगर पार्क में 500 मीटर का पाथ वे, बच्चों के लिए झूले, स्केटिंग ग्राउण्ड के साथ-साथ आकर्षक करने वाली फुलवारी भी है।