शिवपुरी। एसडीएम शिवपुरी डीके जैन ने दूसरों की जमीन पर कब्जा करने वाले और तहसीलदार के आदेश के बाद भी जमीन मालिक को कब्जा न सौंपने के तीन अतिक्रामकों को सिविल जेल भेजने के आदेश दिए हैं। एसडीएम ने सिरसौद और गोपालपुर थाना प्रभारी को वारंट आदेश की तामिली के आदेश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम मेंहदावली में स्वामी ज्ञानीचंद पुत्र चिंटूलाल शर्मा की सर्वे क्रमांक 64 रकवा 2.61 हेक्टेयर जमीन पर अनावेदक सोबरन पुत्र रामस्वरूप शर्मा ने कब्जा कर लिया था। इस कब्जे को हटाने के लिए आवेदक ज्ञानीचंद ने नायब तहसीलदार के यहां प्रकरण कायम कराया और नायब तहसीलदार ने अपने आदेश में सोबरन को कब्जा हटाने और अर्थदण्ड जमा करने के लिए निर्देशित किया था।
इसके बाद भी कब्जा न हटाने पर सोबरन को जेल भेजने के लिए एसडीएम ने वारंट जारी कर दिया। सिरसौद थाना क्षेत्र में इसी ग्राम मेंहदावली में आवेदक जवाहरलाल की सर्वे क्रमांक 231, 870, 936 रकवा 0.7 हेक्टेयर जमीन पर मुरारी, कल्ला पुत्रगण मलखान रावत ने लंबे समय से कब्जा कर रखा था और न्यायालय के आदेश के बाद भी जब उन्होंने कब्जा नहीं हटाया तो एसडीएम डीके जैन ने मुरारी और कल्ला को सिविल जेल भेजने के लिए जेल वारंट जारी किया।
गोपालपुर थाना क्षेत्र में आवेदक गणेशी बेबां रामो आदिवासी की सर्वे नंबर 958, 984 रकवा क्रमश: 1.25 हेक्टेयर, 0.69 हेक्टेयर कुल रकवा 1.9 हेक्टेयर पर रमेश आदिवासी ने जोर जबरदस्ती से कब्जा जमा लिया था। नायब तहसीलदार ने रमेश को अतिक्रामक मानते हुए उसे कब्जा हटाने तथा अर्थदण्ड देने के आदेश दिए। इस आदेश का जब क्रियान्वयन नहीं हुआ तो एसडीएम डीके जैन ने भूराजस्व संहिता की धारा 250 के तहत अतिक्रामक रमेश को जेल भेजने के लिए जेल वारंट जारी कर दिया।