शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में बीती रात्रि दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक बाइक सवार को लाठियों से मारकर उसकी बाइक लूट ली और मौके से फरार हो गए। उक्त युवक अपने नौकर के साथ बदरवास से अपने गांव रिजोदी जा रहा था। तभी बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया।
हमले में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। जिसकी शिकायत उसने थाने में की है। पुलिस ने अज्ञात दो बदमाशों के खिलाफ भादवि की धारा 394, 11/13 एमपीडीपीके एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जितेन्द्र यादव पुत्र नरेन्द्र सिंह यादव उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम रिजोदी गत दिवस किसी काम से अपने नौकर अमृतलाल केवट के साथ बदरवास आया हुआ था और रात्रि करीब 9 बजे वह बदरवास से अपनी बाइक क्रमांक एमपी 08 एमएफ 0231 से ग्राम रिजोदी जा रहा था तभी रास्ते में एक पुलिया के पास दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने जितेन्द्र यादव पर लाठियों से हमला बोल दिया।
जिससे जितेन्द्र के सिर में गंभीर चोट आ गई और वह बाइक से अपना संतुलन खोकर नौकर सहित सड़क पर गिर गया। तभी दोनों बदमाशों ने बाइक को उठाया और वहां से भाग निकले। घायल जितेन्द्र और नौकर अमृतलाल ने किसी तरह घटना की सूचना परिजनों को दी। बाद में जितेन्द्र को इलाज के लिए स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। इस बीच पुलिस को भी घटना की जानकारी लग गई और पुलिस स्वास्थ्य केन्द्र पहुंची और घायल जितेन्द्र के बयान दर्ज किये। पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में ले लिया है।
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।