शिवपुरी। कोलारस थाना क्षेत्र के बेहटा गांव के पास आम रोड पर स्थित पुलिया से रात्रि के समय गुजर रहे एक युवक को बदमाशों ने लाठियों से पीट-पीटकर घायल कर दिया और उसकी मोटरसाइकिल व मोबाइल लूटकर ले गए। उक्त युवक रात्रि के समय अपने पिता को होटल से खाना पैक कराकर ले जा रहा था।
लूट की सूचना पीडि़त युवक ने पुलिस को दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। बाद में युवक की फरियाद पर से अज्ञात चार बदमाशों के खिलाफ भादवि की धारा 394, 397, 11/13 एमपीडीपीके एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुभम पुत्र जयपाल सिंह जाट उम्र 18 वर्ष अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 33 बीए 8631 से 7 अप्रैल की रात्रि 2 बजे पड़ोरा खाना लेने आया था और वह ढाबे से खाना पैक कराकर अपने गांव बेहटा के लिए लौट रहा था। जैसे ही वह बेहटा गांव के पास स्थित पुलिया पर पहुंचा तो वहां मौजूद चार बदमाशों ने उस पर लाठियों से हमला बोल दिया जिससे वह घायल हो गया। बाद में बदमाशों ने उसकी जेब से मोबाइल निकाल लिया और उसकी मोटरसाइकिल लूटकर भाग गए। इस तरह रात के घनघोर अंधेरे में इस वारदात से अन्य लोग दहशत में है जो आए दिन रात के समय नगर व शहर से अपने ग्रामों की ओर जाते है। ऐसे में कहीं वह भी लूटपाट का शिकार ना हो जाए। इस संबंध में पुलिस को अपना सर्चिंग अभियान चहुंओर फैलाने की आवश्यकता है तब कहीं जाकर इन घटनाओं पर रोक लग सकेगी।
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।