महादेव घाटी के जंगलों से तीन धाकड़ युवकों का अपहरण, 10 लाख फिरौती मांगी

शिवपुरी- अंचल में एकाएक डकैती गतिविधियों बढऩे लगीं हैं। ऐसा इसलिए अभी कुछ दिनों पूर्व जहां एक दंपत्ति को छोडऩे गए युवक का अपहरण कुछ डकैतों ने कर लिया था तो अब वहीं एक बार फिर से अपहरण की सूचना मिली है।

बताया गया है कि बैराढ़ क्षेत्र की महादेव घाटी के जंगल से अज्ञात डकैत गिरोह ने तीन युवकों का अपहरण किया और उन्हें जंगल की ओर समा ले गए, बाद में डकैतों ने एक युवक को छोड़कर अन्य दो युवकों की सकुशल वापिसी के लिए 10 लाख रूपये की फिरौती की मांग की। इस घटना के बैराढ़ा थाना पुलिस सहित अंचल की भर का पुलिस बल जंगल में सर्चिंग के लिए कूद गया और अपहृतों की तलाश जारी है।

बताया गया है कि डकैतों की संख्या पांच है और उन पर बंदूक, कट्टा व कुल्हाड़ी जैसे घातक हथियार भी है। घटना की जानकारी लगते ही पोहरी एसडीओपी एसएन मुखर्जी भी जंगल की ओर कूच कर गए है वहीं मामले से पुलिस अधीक्षक को भी अवगत करा दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चम्पा धाकड़ और उसका भाई कल्याण धाकड़ निवासीगण दुल्हारा और पुरूषोत्तम धाकड़ निवासी देवपुरा बीती शाम विजयपुर थाना क्षेत्र में मगरदा ग्राम मोटरसाइकिल से गये थे। बताया जाता है कि मगरदा में चम्पा धाकड़ की ससुराल है, लेकिन तीनों युवक जब मगरदा गांव नहीं पहुंचे तो उनकी खोजबीन की गई, परंतु उनका कुछ पता नहीं चला।

मंगलवार सुबह 4 बजे कल्याण धाकड़ को डकैतों ने रिहा कर दिया तो उसने बताया कि तीनों का अपहरण अज्ञात डकैत गिरोह ने किया है तथा फिरौती में 10 लाख रूपये की मांग की गई है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। इस डकैती गतिविधि ने आमजन की परेशानियों बढ़ा दी है तो वहीं पुलिस के लिए भी यह घटना चुनौती के समान है। डकैतों द्वारा छोड़े गए अपहृत कल्याण धाकड़ निवासी दुल्हारा से पुलिस पूछताछ कर लोकेशन पूछ रही है और डकैतों के बारे में जो जानकारी है हासिल करने में लगी हुई है।

इस घटना के बाद पोहरी-बैराढ़ क्षेत्र में डकैती गतिविधियों से लोगों की धड़कनें भी बढ़ गई है। ऐसे में पुलिस को इन घटनाओं को रोकने के लिए अब एक मुहिम चलाकर इन डकैती गतिविधियों को खत्म करने के लिए अभियान चलाना होगा। घटना के बाद पोहरी एसडीओपी एस.एन.मुखर्जी और पुलिस बल जंगल में कूच कर अपहृतों की तलाश में जुटा हुआ है। 

घटना के बारे में एसपी डॉ.महेन्द्र सिंह सिकरवार को भी जानकारी दी गई है और वह भी अपने स्तर से डकैतों की हर गतिविधि पर अपनी नजर बनाए हुए है। मंगलवार सुबह अपहृत चम्पा धाकड़ के पिता ने विधायक प्रहलाद भारती के साथ जाकर एसपी से भेंट की और उन्हें अपहरण की जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार अपहरण की यह वारदात स्थानीय बदमाशों ने की है और अपहृतों की मुक्ति के लिए पुलिस टीम को घटनास्थल की ओर रवाना कर दिया गया है।

Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!