बारिश की फुहारों के बीच अता हुई ईद की नमाज

शिवपुरी। बीती रात चांद दिखने के साथ ही आज बरकत का पर्व ईद उल फितर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रिमझिम बारिश भी मुस्लिम भाईयों का उत्साह कम नहीं कर सकी और शहर की सभी मस्जिदों सहित झांसी तिराहे पर स्थित ईदगाह पर हजारों की सं या में मुस्लिम भाईयों ने संयुक्त रूप से नमाज अदा की और गले मिलकर ईद की बधाई दी।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों सहित जन प्रतिनिधियों ने भी ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम भाईयों के गले मिलकर ईद की मुबारकवाद दी। पूरे एक महीने के रोजे रखने के बाद कल रात जैसे ही चांद दिखा तो रोजेदारों के चेहरे खिल उठे और ईद की खुशियां नजर आईं और आज सुबह अल्लाह से चैनोअमन की दुआ की। इस त्यौहार का हर समुदाय में विशेष उत्साह रहता है।

आज ईद का त्यौहार होने से लोगों में सुबह से ही उत्साह देखा गया और सुबह से ही मुस्लिम भाई नए कपड़े और इत्र डालकर सड़कों पर निकल गए और एक-दूसरे के घर जाकर गले मिलकर ईद की मुबारकवाद दी और खातिरदारी में स्वादिष्ट व्यंजन और सेमईयां परोसी गईं। जिधर देखो उधर हर्षोल्लास का माहौल दिखाई दे रहा था। बच्चे-बूढ़े और जवान सभी में ईद को लेकर हर्ष व्याप्त था। शिवपुरी शहर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ईद सद्भाव और भाईचारे के साथ मनी। शहर में शांति और अमन बनाए रखने की दृष्टि से पुलिस प्रशासन भी मस्तैद नजर आया। पूरे शहरभर में इबादतगाहों व मस्जिदों को आकर्षक विद्युत की साज-सज्जा से सजाया गया। सुबह से ही ईदगाह पर नवाज के लिए लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और 9:30 बजे रिमझिम बारिश में भी लोगों ने नमाजअदा की। इसके बाद  आपस में गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकवाद दी और गरीबों को खैरात बांटकर उनकी दुआएं ली। ईदगाह पर ईद की मुबारकवाद देने पहुंचे एसपी महेन्द्र सिंह सिकरवार, एसडीएम डीके जैन, शिवपुरी विधायक माखनलाल राठौर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामसिंह यादव, पूर्व विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी, पूर्व नगरमण्डल अध्यक्ष भाजपा अनुराग अष्ठाना, शहर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश जैन आमोल, कपिल भार्गव, जगमोहन सिंह सेंगर सहित अनेकों भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद थे।