यह कैसा अटल ज्योति अभियान, पहले अटल जी गायब, अब ज्योति लापता

shailendra gupta
शिवपुरी। प्रदेश भर में 24 घंटे बिजली देने का राग अलापने वाली भाजपा सरकार के मंसूबे ऐसा प्रतीत होते है कि वह चुनाव में अपनी पैठ बनाना चाहती है यही वजह है कि आए दिन होने वाली बिजली कटौती पर घंटों तक लाईट ना आना अटल ज्योति अभियान को  ग्रहण लगाते हुए मुंह चिढ़ा रही है।

बताया जाता है कि यहां पूर्ण तैयारियों के साथ इस अभियान की शुरूआत नहीं हुई जिससे आए दिन बिजली कटौती का ना केवल समय बढ़ गया बल्कि नागरिकों का गुस्सा भी बिजली विभाग पर फूटने जैसा प्रतीत हो रहा है। इससे तो ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जैसे पहले अटल ज्योति के नाम पर चलने वाले इस अभियान में जनप्रतिनिधियों के बैनर पोस्टरों से अटल जी लापता थे तो अब हकीकत में अटल ज्योति अभियान के साथ ही ज्योति लापता हो गई है।

बीते तीन दिन पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जिले में 24 घंटे लाइट देने का वायदा कर अटल ज्योति अभियान का शुभारंभ अवश्य कर गए थे। लेकिन इस योजना के शुभारंभ के बाद जिले में लाइट और अधिक जाने लगी है। कल तो लगभग आधे शहर में तेज गर्मी में दोपहर 12 से 4 बजे तक लगातार बिजली कटौती रही। ब्लॉक मुख्यालय के हालात और भी खराब हैं। कोलारस, बदरवास, पोहरी और करैरा में बिजली कटौती से जनजीवन त्रस्त बना हुआ है। वहीं कई गांवों में अटल ज्योति अभियान के बाद भी अंधेरा छाया हुआ है, क्योंकि उन गांवों में या तो बिजली के खम्बे नहीं हैं या खम्बे हैं तो तार नहीं हैं।

विधानसभा चुनाव में राजनैतिक लाभ लेने की दृष्टि से प्रदेश की भाजपा सरकार 15 जून तक पूरे मप्र में अटल ज्योति अभियान का शुभारंभ कर रही है। इसी कड़ी में 15 मई को शिवपुरी में 24 घंटे लाइट देने का भरोसा दिलाकर मुख्यमंत्री चौहान ने अटल ज्योति योजना का शुभारंभ किया। लेकिन शुभारंभ के पश्चात ही कई इलाकों में लाइट गायब हो गई। 

यहां तक कि शुभारंभ भी जनरेटर रखकर करना पड़ा। प्रतिदिन शहर के हर इलाके में बिजली कटौती हो रही है। समय भले ही अलग-अलग हो। बिजली विभाग मेंटीनेंस के नाम पर लाइट काट रहा है। कल सुबह 9 बजे से 4 बजे तक बिजली कटौती से जनजीवन आक्रांत रहा। 9 बजे से 12 बजे तक बिजली कई बार आई और गई तथा दोपहर 12 से 4 बजे तक बिजली के दर्शन नहीं हुए। प्रभावित लोगों ने चाबीघर और बिजली अधिकारियों को फोन लगाए, लेकिन उनके फोन रिसीव नहीं हुए।                                                                                                                                            

Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!