भाजपा नगर अध्यक्ष को लेकर फिर से सरगर्मियां तेज

शिवपुरी।  भाजपा जिलाध्यक्ष के चयन का मामला पार्टी में लटका पड़ा होने के बाबजूद शिवपुरी नगर अध्यक्ष को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई है। भाजपा का शिवपुरी नगर अध्यक्ष कौन बनेगा, इसको लेकर कयासों का दौर अभी जारी है क्योंकि पिछले कुछ महीने पहले नगर अध्यक्ष के लिए हुए चुनाव में किसी एक नाम पर पार्टी नेताओं के बीच सहमति नहीं बन पाई थी इसके बाद नगर अध्यक्ष का मामला लटक गया था।

नगर अध्यक्ष के चयन का मामला लटकने के बाद एक बार फिर से नगर अध्यक्ष को लेकर सरगर्मियां है। इस पद के लिए ओमी जैन के साथ-साथ भरत अग्रवाल, हरिओम राठौर, भानु दुबे और गगन खटीक को दौड़ में माना जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि भोपाल स्तर पर एकाएक नगर अध्यक्ष के लिए सरगर्मियां तेज होने के बाद स्थानीय भाजपाईयों में भी इस पद के लिए जोड़तोड़ देखी जा रही है। दौड़ में चल रहे नेता अपने-अपने वरिष्ठ नेताओं के यहां अभी से संपर्क करने में लग गए है।

सूत्र बताते हैं कि ओमी जैन के दुबारा से नगर अध्यक्ष के चयन में स्थानीय कई नेताओं ने आपत्तियां लगा दी थी इसी आपत्ति के कारण नगर अध्यक्ष के लिए पुन: ताजपोशी लटक गई। अब उत्सव हत्याकाण्ड मामले में नगर में हुए तोडफ़ोड़, उपद्रव की एफआईआर में पुलिस द्वारा ओमी जैन का नाम जोड़े जाने के कारण उन पर संकटों के बादल है। पूर्व पुलिस अधीक्षक आर पी सिंह ने ओमी जैन पर खुन्नस निकालते हुए उनका नाम एफआईआर में जोड़ा है ऐसी बात अभी कही जा रही है। खुलकर पुलिस अधिकारी भी कुछ कहने को तैयार नहीं है। सूत्र बताते हैं कि एफआईआर में नाम आने के बाद ओमी जैन नगर अध्यक्ष की दौड़ में काफी पीछे चले गए है वहीं दूसरी ओर ओमी के खिलाफ जो एफआईआर दर्ज हुई है उस खेल में भाजपा के ही एक नगर नेता का नाम अंदरूनी तौर पर बताया जा रहा है। पार्टी सूत्र बताते हैं कि ओमी जैन ने भी अब अपने विकल्प के तौर पर संगठन के ही कुछ नेताओं को आगे कर दिया है जिसमें भानु दुबे और हरिओम राठौर को आगे बढ़ाकर पद की दौड़ में शामिल किया गया है। सूत्र बताते हैं कि नगर अध्यक्ष के लिए नरेन्द्र सिंह तोमर गुट और यशोधरा राजे सिंधिया खेमे के बीच ही टक्कर है। जो भी नगर अध्यक्ष के लिए नाम फायनल होगा उसे नरेन्द्र सिंह गुट के साथ-साथ यशोधरा खेमे का भी हाथ चाहिए होगा।

भरत ने आजमाए सारे हाथ

गृह राज्यमंत्री उमाशंकर गुप्ता का अपने आपको खास बताने वाले भरत अग्रवाल भी नगर अध्यक्ष के लिए बड़े जोड़तोड़ करते देखे जा रहे है। कुछ भाजपाईयों ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि भरत अग्रवाल तो अभी से अपने आप को नगर अध्यक्ष के तौर पर प्रस्तुत करने लगे है। कुछ भरत समर्थक नेता तो साफ कहते है कि उनका नाम फायनल हो चुका है। पिछली मर्तबा भी भरत के अति आत्मविश्वास के कारण उन्हें पार्टी में महामंत्री पद से नवाजा गया था। सूत्र बताते हैं कि यशोधरा खेमे के नेता भी भरत अग्रवाल के पक्ष में नहीं है। जहां तक अनुराग अष्ठाना का सवाल है तो उनका ही समर्थन भरत अग्रवाल को दिखता है। यशोधरा खेमे के अन्य नेता जैसे भानु दुबे, गगन खटीक आदि का समर्थन अभी किसे रहेगा यह स्पष्ट नहीं है। वहीं दूसरी ओर भरत अग्रवाल नगर अध्यक्ष के लिए पूरी जोर आजामाईश करते देखे जा रहे है।