गए झा के दिन बनेंगें तोमर प्रदेशाध्यक्ष!

जयनारायण शर्मा/शिवपुरी/ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव को लेकर भोपाल में चल रही रायशुमारी के बीच राष्ट्रीय महासचिव नरेन्द्र सिंह तोमर को मध्यप्रदेश का नया भाजपा अध्यक्ष बनाए जाने की संभावनाओं के बाद शिवपुरी में भी नरेन्द्र सिंह तोमर के समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया।

वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा की जगह नरेन्द्र सिंह तोमर को प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने की खबर से शिवपुरी में भी हलचल का माहौल रहा। खासकर नरेन्द्र सिंह तोमर गुट से जुड़े नेता उत्साहित नजर आए। शिवपुरी में नरेन्द्र सिंह तोमर समर्थक भाजपा नेताओं की अच्छी खासी संख्या है। शुक्रवार को दोपहर में जैसे ही नरेन्द्र सिंह तोमर को मध्यप्रदेश भाजपा की बागडोर सौंपे जाने की खबर भोपाल से आई वैसे ही शिवपुरी के भाजपा नेताओं में भी हलचल का माहौल देखा गया।

कई भाजपा नेताओं ने नरेन्द्र सिंह तोमर को भाजपा का नया प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने के संभावित फैसले को सही करार दिया। इधर दूसरी ओर पिछले कुछ दिनों से वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा के ही दोबारा से इस पद पर मनोनयन की संभावना जताई जा रही थी मगर शुक्रवार को एकाएक सारे समीकरण गड़बड़ा गए। प्रभात झा के नाम पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहमत नहीं बताए जा रहे है। सीएम ने अपने पुराने विश्वसनीय सहयोगी नरेन्द्र सिंह तोमर का नाम आगे बढ़ाया और इस नाम को प्रदेशाध्यक्ष के लिए फायनल बताया जा रहा है।

इन नेताओं की बढ़ेगी पावर


शिवपुरी में कई भाजपा नेता ऐसे है जिनका सीधा जुड़ाव नरेन्द्र सिंह तोमर से है। बीते कई सालों से शिवपुरी में यह भाजपा नेता नरेन्द्र सिंह तोमर से सीधे तौर पर जुड़कर पार्टी की राजनीति कर रहे है। इस क्रम में रणवीर रावत, अजय खेमरिया, ओमी जैन, मनोज मंगल जॉली, गणेश गौतम, मुकेश गोयल, सुशील रघुवंशी, जगराम यादव सहित अन्य भाजपा नेता शामिल है। इन भाजपाईयों को नरेन्द्र सिंह तोमर समर्थक माना जाता है। तोमर की ताजपोशी से शिवपुरी में एक बार फिर से संगठन के साथ चलने वाले नेताओं की वजनदारी बढऩे के आसार नजर आ रहे हैं।

रणवीर रावत होंगे जिलाध्यक्ष!


भोपाल से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि प्रदेशाध्यक्ष के लिए नरेन्द्र सिंह तोमर का नाम फायनल हो गया। इसी तरह अब उनके खास समर्थक  रणवीर रावत का नाम भी शिवपुरी भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए तय बताया जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि 15 व 16 को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया को भोपाल में पर्यवेक्षक रविशंकर प्रसाद के मार्गदर्शन में पूरा किया जाएगा।

इसके बाद मप्र के जिन जिलों में भाजपा जिलाध्यक्षों के नाम की घोषणा नहीं हो पाई है उसकी घोषणा एक-दो दिन में नए प्रदेशाध्यक्ष द्वारा कर दी जाएगी। भोपाल से जुड़े एक पार्टी सूत्र ने बताया है कि नरेन्द्र सिंह तोमर कई दिनों से जिलाध्यक्ष की रायशुमारी के दौरान रणवीर रावत को भाजपा जिलाध्यक्ष बनाए जाने के पक्ष में थे और अब तोमर के प्रदेशाध्यक्ष बनने से रणवीर रावत का नाम भी जिलाध्यक्ष के लिए फायनल बताया जा रहा है।