1024 अर्घ समर्पण कर हुई सिद्ध आराधना



शिवपुरी-1024 अर्घ समर्पण कर सिद्ध चक्र महामण्डल विधान की आराधना जैन श्रद्धालुओं द्वारा की गई। आचार्य सौभाग्य सागर महाराज एवं मुनि सुरत्नसागर महाराज के सानिध्य में आयोजित हुई इस महाआराधना के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा शुद्ध वस्त्र पहनकर अर्घ समर्पण किए गए।


पूर्ण आहुति एवं हवन के साथ विधान का समापन गुरुवार सुबह होगा। वही बीते चार माह से चातुर्मास कर रहे आचार्य सौभाग्य सागर महाराज एवं मुनि सुरत्न सागर महाराज का ग्वालियर की ओर पदविहार गुरुवार दोपहर 2 बजे होगा। 

बीती 20 नवंबर से 28 नवंबर तक श्री सिद्ध चक्र महामण्डल विधान की आराधना मरूदेवी महिला मण्डल द्वारा छत्री जैन मंदिर पर पं. सुगनचंद जैन आमोल वालों के प्रतिष्ठाचार्यत्व में की गई। इस दौरान क्रमश: 8, 16, 32, 64, 128, 256, 512 अर्घों का समर्पण किया गया। बुधवार को सामूहिक रूप से 1024 अर्घ समर्पण कर सिद्धों की आराधना की गई। संगीतकार के रूप में रामदयाल जैन मावा वाले शामिल रहे। बुधवार को ही देश के ख्याति प्राप्त कवि चन्द्रसेन जैन भोपाल का आगमन शिवपुरी में हुआ और उन्होंने अपनी ओजस्वी काव्य रचनाओं से जनसमूह का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में गुरुवार को प्रात: 7 बजे से हवन समापन कार्यक्रम आयोजित होगा।

आचार्य श्रीससंघ का पदविहार आज


आचार्य सौभाग्य सागर महाराज एवं मुनि सुरत्नसागर महाराज बीते जुलाई माह से शिवपुरी के छत्री जैन मंदिर में चातुर्मास कर रहे हंै। इसी क्रम में दोपहर 1 बजे से गुरुवार को वाचनालय में स्थित भगवान का विशेष अभिषेक किया जाएगा और फिर इसके पश्चात दोपहर 2 बजे से आचार्य श्रीससंघ का पदविहार शिवपुरी से ग्वालियर के लिए होगा।

रजक समाज के पिछोर में राधेलाल और खनियांधाना में प्रकाश अध्यक्ष बने


शिवपुरी- विगत दिवस पिछोर एवं खनियांधाना में रजक समाज के ब्लॉक अध्यक्षों के निर्वाचन अखिल भारतीय धोबी महासंघ के जिलाध्यक्ष रामसिंह रजक की उपस्थिति में संपन्न हुए। पिछोर ब्लॉक में अध्यक्ष पद पर महेश रजक का निर्वाचन हुआ है वहीं खनियांधाना ब्लॉक में प्रकाश रजक को अध्यक्ष चुना गया है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछोर में राधेलाल रजक को संगठन मंत्री, प्रभुदयाल रजक को युवा मोर्चे का ब्लॉक अध्यक्ष, लेबनसिंह रजक को जिला संगठन मंत्री चुना गया। इस अवसर पर जिला महामंत्री मुन्नालाल, रघुवीर सेसईवाले, कोलारस ब्लॉक अध्यक्ष रामस्वरूप रजक, नरवर ब्लॉक अध्यक्ष शंकरलाल, संतलाल, नरेश रजक आदि उपस्थित थे। बैठक की अध्यक्षता कंछेदीलाल ने की। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अशोक रजक , जेके निर्मोही और संजय रजक उपस्थित थे। रजक समाज की जानकारी के अनुसार करैरा ब्लॉक में अध्यक्ष का निर्वाचन 2 दिसम्बर को बगीचे वाले बाबा के मंदिर करैरा पर होगा। जिसमें सभी करैरा ब्लॉक के समाजबंधुओं से उपस्थित होने की अपील की गई है। 

बृहद लोक अदालत 15 दिसम्बर को 


शिवपुरी-जिला और तहसील मुख्यालयों पर 15 दिसम्बर को बृहद लोक अदालत का आयोजन किया जावेगा। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री आर.एम.भगवती से प्राप्त जानकारी के अनुसार म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं मुख्य संरक्षक म.प्र.राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, मुख्य न्यायाधीपति जबलपुर के आदेशानुसार 15 दिसम्बर 2012 को जिला शिवपुरी मुख्यालय एवं शिवपुरी जिले की तहसील करैरा, पिछोर, खनियाधांना, कोलारस, पोहरी में बृहद लोक अदालत का आयोजन किया जावेगा। 

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी के सचिव एवं जिला रजिस्टार न्यायाधीश आर.एम.भगवती द्वारा जानकारी शिवपुरी उप जेल में कैदियों को संबोधित करते हुए दी तथा उन्होंने यह भी बताया कि उपरोक्त बृहद लोक अदालत में जिला मुख्यालय एवं तहसीलों पर आपराधिक, सिविल, विद्युत अधिनियम, श्रम, मोटर दुर्घटना दावा, प्रीलिटिगेशन प्रकरण, चैक बाउंस प्रकरण, उपभोक्ता फोरम, ग्राम न्यायालय, राजस्व न्यायालय के साथ ही भू-अर्जन प्रकरण, नगर पालिका, नगर पंचायत, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं समाज कल्याण विभाग, सहकारिता बैक, विद्युत विभाग, मोबाईल कंपनियों आदि के प्रकरणों का निराकरण किया जावेगा। उन्होंने यह भी बताया कि विद्युत प्रकरणों में 30 प्रतिशत की छूट भी बसूली राशि में विद्युत मण्डल द्वारा प्रदान की जावेगी एवं चैक मामलों में भी न्याय शुल्क वापस होगी। उन्होंने जनता एवं पक्षकारों से शासन के विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं उत्पन्न विवादों का उपस्थित होकर निराकरण कराया जाने का भी अनुरोध किया है ताकि अधिक से अधिक मामलें सुलाह समझौते में निराकरण हो सकेगा। 
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!