दो महिला चोर गिरफ्तार, आधा किलो चांदी मिली, और भी बहुत कुछ

शिवपुरी। पोहरी बस स्टेण्ड से आज सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अंर्तराज्यीय गिरोह से जुड़ी दो पारदी महिलाओं की गिरफ्तारी की है। उनके पास से चांदी के गिलास, कटोरी, चम्मच, सिक्के, बड़ी संख्या में मिले हैं। साथ ही दोनों महिलाओं से 92 हजार रूपये बरामद किये हैं।


 चांदी के  बर्तनों, सिक्कों और रूपयों के बारे में गिरफ्तार महिलाएं हेमाबाई पत्नि दिलीप पारदी और चंद्रकला पत्नि रूसी पारदी निवासीगण धरनावदा जिला गुना कोई समाधान कारक जवाब नहीं दे पाईं। पुलिस को आशंका है कि यह माल चोरी, लूट या डकैती का है। पुलिस अब महिलाओं से छत्री चोरी के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। छत्री में भी चोरों ने पांच किलो चांदी का गेट चुराया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार महिलाओं ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उन्हें चांदी का सामान गब्बू पारदी और नीलम पारदी ने बेचने के लिए दिया था। इस सामान में से उन्होंने कुछ सामान दिल्ली में बेचा है और 92 हजार रूपये उसी बेचे गए सामान के हैं। पुलिस ने गिरफ्तार महिला हेमा के पास से 39 हजार रूपये नगद, तीन चांदी के गिलास, पंाच चांदी के सिक्के और एक पेंडल बरामद किया है। जबकि दूसरी महिला चंद्रकला से 53 हजार नगदी सहित दो कटोरे चांदी के , एक कटोरी और एक चम्मच चांदी का, चार चांदी के झुनझुने बरामद किए हैं। पुलिस अब गब्बू पारदी और नीलम पारदी की तलाश कर रही है। बताया जाता है कि इनका आपराधिक रिकार्ड है और वे अंर्तराज्यीय गिरोह से जुड़े हुए हैं। पुलिस को आशा है कि इन महिलाओं से कुछ बड़ी चोरी और डकैती का खुलासा हो सकता है।

हेमा के पति और देवर खूंखार अपराधी


पुलिस पूछताछ में हेमा पारदी ने बताया कि उसका देवर किरण पारदी है। वह कई डकैतियों को अंजाम दे चुका था और जिस पर पांच लाख रूपये का इनाम था। पुलिस ने उसे रूठियाई के पास एक मुठभेड़ में मार गिराया था जबकि हेमा का पति दिलीप जम्मू में हत्या और डकैती के मामले में सजा काट रहा है। वह छह साल से जेल में बंद है।