गाँव-गाँव में डोंडी पिटवायें, एक-एक दाना गेहूँ खरीदा जायेगा: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने निर्देश दिये हैं कि प्रदेश के गाँव-गाँव में डोंडी पिटवाकर ऐलान किया जाय कि किसानों का एक-एक दाना गेहूँ खरीदा जायेगा। किसी भी दुष्प्रचार से विचलित हुए बगैर धैर्य बनाये रखें। उन्होंने कहा कि किसान बिचौलियों से बचें। जो किसान पंजीयन से रह गये थे आज से लेकर तीन मई तक पंजीयन कर उनका भी गेहूँ खरीदा जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ वीडियों कान्फ्रेंसिग के जरिये प्रदेश के कलेक्टर और कमिश्नर को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्य सचिव श्री आर. परशुराम भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि समर्थन मूल्य पर गेहूँ की खरीदी एक बड़ी चुनौती है। बारदानों की आपूर्ति में पिछले दिनों व्यवधान आया था पर अब बारदानों की कमी की पूर्ति कर ली गयी है। किसानों के मन में कोई संशय नहीं रहे। उन्हें यह पता रहे कि गेहूँ हर हाल में खरीदा जायेगा। उन्होंने निर्देश दिये कि कोई किसान पंजीयन से वंचित नहीं रहे। बारदानों के भंडारण का युक्तियुक्तकरण किया जाये, जहाँ खरीदी कम है वहाँ से अन्य केन्द्रों पर बारदाने भेजे जाये।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि समर्थन मूल्य पर बोनस किसानों के लिये है, इसका लाभ बिचौलियों को नहीं मिल पाये, यह सुनिश्चित करें। खरीदे गये गेहूँ के उठाव की व्यवस्था समानान्तर रूप से की जाये। किसानों को भुगतान में देरी नहीं हो और यह देख जाये, बैंकों में उनके खाते में राशि जमा होने के बाद उन्हें समय से मिले। उन्होंने कहा कि पूरी सक्षमता से गेहूँ खरीदी की व्यवस्था करें। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी देश में सर्वाधिक है। खरीफ के लिये खाद का अग्रिम उठाव करने के लिये किसानों को प्रेरित करें।

मुख्य सचिव श्री परशुराम ने कहा कि प्रत्येक खरीदी केन्द्र पर जानकारी रहे कि हर किसान का गेहूँ खरीदा जायेगा। किसानों में विश्वास निर्मित करें कि राज्य सरकार ने समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी की पुख्ता व्यवस्थाएँ की हैं। इन व्यवस्थाओं की जानकारी गाँव स्तर तक रहे।

बताया गया कि प्रदेश में अब तक समर्थन मूल्य पर 40 लाख मीट्रिक टन गेहूँ खरीदा गया है। प्रदेश में 80 लाख मीट्रिक टन गेहूँ खरीदी की व्यवस्था है। इसके लिये बारदाने की 3 लाख 20 हजार गठानों की जरूरत होगी। अब तक जिलों में एक लाख 95 हजार गठानें वितरित हो चुकी हैं। अगले दस दिन में बारदाने की 55 हजार गठानें और प्राप्त होगी, जो 13 लाख 75 हजार मीट्रिक टन गेहूँ के लिये पर्याप्त है। आगामी 11 से 20 मई के बीच 70 हजार गठानें और मिलेगी जो 17 लाख 50 हजार मीट्रिक टन गेहूँ के लिये पर्याप्त होगी। वीडियो कान्फ्रेसिंग के दौरान अपर मुख्य सचिव श्री एंथोनी डीसा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री मनोज श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बाद में मुख्य सचिव श्री परशुराम ने जिलेवार गेहूँ खरीदी की समीक्षा की।