शिवपुरी. शहर के कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत बीते शाम अज्ञात बदमाशों द्वारा जिस दुस्साहसिक अंदाज में लूट का प्रयास किया गया उसने पुलिस को कड़ी चुनौती पेश की है। हालांकि घटना की जानकारी मिलते ही चकरघिन्नी हुई पुलिस ने मिनटों में ही इस ऐरिया को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया और पुलिस के आला अधिकारी सहित बड़ी तादाद पुलिसकर्मी यहां मौके पर जा पहुंचे। पुलिस ने इस मामले में चंद्रपाल सिंह पुत्र कड़ौरे सिंह कुशवाह की फरियादी पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि सेंटचाल्र्स स्कूल के सामने निवासरत चंद्रपाल सिंह कुशवाह के निवास पर बीते शाम करीब 7:15 बजे चार अज्ञात हथियारबंद बदमाश बुलेरो में सवार होकर आए और चंद्रपाल सिंह के परिजनों के साथ मारपीट करते हुए लूट का प्रयास करने लगे। इसी दौरान घटना के जानकारी घर के सदस्यों द्वारा पुलिस कंट्रोल को दी गई तो मामले की गंभीरता को भांपते हुए हरकत में आई पुलिस मिनटों में ही घटना स्थल पर जा पहुंची, लेकिन इससे पूर्व उक्त बदमाश बुलेरो में सवार होकर मौके से भाग खड़े हुए।
पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह एवं पुलिस के आला अधिकारी भी चंद्रपाल सिंह के निवास स्थान पर जा पहुंचे। एसपी ने गिरोह को दबोचने के लिए हर संभव प्रयास किया और जिले के सभी थानों पर वाहनों की चैकिंग के निर्देश दिए। जिसके चलते जिले के सभी थानों पर रातभर वाहन चैकिंग का दौर चला, लेकिन उक्त गिरोह का कोई पता-सिरा नहीं चला। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ 11, 13 एमपीडीपीए एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।