शिवपुरी।अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (सनातन) जिला इकाई शिवपुरी और परशुराम कल्याण बोर्ड की मासिक बैठक वार्ड क्रमांक 15 स्थित दुबे नर्सरी में पंडित कैलाश नारायण दुबे के निवास पर आयोजित की गई। इस बैठक में ब्राह्मण समाज को शिक्षित, समृद्ध, और एकजुट बनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का महत्वपूर्ण संकल्प लिया गया।
हनुमान चालीसा पाठ से शुरुआत और तीर्थयात्रियों का सम्मान
बैठक का शुभारंभ मुख्य अतिथि पंडित हरवंश शर्मा (कुढाजागीर), अध्यक्ष पंडित पुरुषोत्तम कान्त शर्मा और विशिष्ट अतिथि पंडित कैलाश नारायण भार्गव ने भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात उपस्थित समाज बंधुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया।
इस अवसर पर उत्तराखंड की पावन तीर्थ यात्रा से सकुशल लौटे पंडित कैलाश नारायण दुबे व उनकी धर्मपत्नी का संगठन द्वारा शॉल, श्रीफल और फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया। अपनों को सुरक्षित पाकर समाज बंधुओं की आंखें खुशी से छलक आईं। पंडित दुबे ने अपने अनुभव साझा करते हुए यात्रा को कठिन लेकिन आध्यात्मिक शांति देने वाली बताया और देश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
शिक्षा, आत्मनिर्भरता और दहेज मुक्त विवाह पर जोर
मुख्य अतिथि पंडित हरवंश शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि संगठन का लक्ष्य शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समाज सुधार के माध्यम से ब्राह्मण समुदाय को एकजुट करना है। उन्होंने दहेज मुक्त विवाह, छात्रवृत्ति और सामूहिक विवाह जैसे प्रकल्पों को बढ़ावा देने की बात कही।
जिला संयोजक पंडित कैलाश नारायण भार्गव ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ज्ञान के वाहक रहे ब्राह्मण समाज के कई बच्चे आज भी शिक्षा से वंचित हैं। उन्होंने हर ब्राह्मण बच्चे को स्कूल भेजने का लक्ष्य निर्धारित करने पर जोर दिया। वहीं, जिलाध्यक्ष पंडित पुरुषोत्तम कान्त शर्मा ने 'दहेज नहीं, संस्कार में श्रेष्ठता' का नारा देते हुए कहा कि सादगीपूर्ण विवाह से समाज के गरीब परिवारों पर आर्थिक दबाव कम होगा।
राष्ट्र निर्माण और एकजुटता का आह्वान
कार्यवाहक जिलाध्यक्ष पंडित कुंज बिहारी पाराशर ने देश-विदेश के ब्राह्मणों को एक मंच पर लाने का विचार रखा। प्रांतीय उपाध्यक्ष पंडित देवेंद्र मड़वास ने चाणक्य के आदर्शों का स्मरण कराते हुए समाज से अपने मौलिक कर्तव्यों को समझकर राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाने की अपील की। जिला उपाध्यक्ष पंडित रामसेवक गौंड ने आत्मनिर्भर ब्राह्मण समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से सुरेश शर्मा, राजेंद्र पांडे, सुरेंद्र पाठक, परशुराम कल्याण बोर्ड के जिला प्रभारी पंडित एस.एन. उपाध्याय, गजानंद शर्मा, सुरेश भार्गव, राम प्रकाश शर्मा, कैलाश नारायण मुद्गल और प्रदीप शर्मा (सुआटौर) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन पंडित हरगोविंद शर्मा ने किया, जबकि अंत में सभी अतिथियों और समाज बंधुओं का आभार पंडित कैलाश नारायण दुबे ने व्यक्त किया।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।