बैराड। शिवपुरी जिले के पोहरी अनुविभाग के बैराड थाना सीमा मे आने वाले कैमई गांव में निवास करने वाले एक किसान मे गोली मारने की खबर मिल रही है। बताया जा रहा है कि किसान ने अपने पडौसियो को टैक्टर देने से मना कर दिया तो उसमे गोली मार दी। किसान घायल अवस्था मे अपने आप को बचाने के लिए अपने घर मे घुसगया तो हमलावरो ने उसके घर मे घुसकर मारपीट की है।
फरियादी अखेयराज सिंह रावत ने पुलिस को बताया कि 16 सितंबर की दोपहर करीब 3 बजे वह धौरियादेव बाबा के मेले से बाइक से अपने घर कैमई पहुंचा था। इसी दौरान सामने रहने वाला जगदीश रावत उसके पास आया। आरोप है कि कुछ ही देर में जगदीश का भाई लल्लू रावत 315 बोर का कट्टा लेकर वहां पहुंच गया। मनीष रावत भी लाठी लेकर आ गया, जबकि रंजीत रावत और योगेश रावत भी मौके पर मौजूद थे।
ट्रैक्टर क्यों नहीं दे रहा कहकर विवाद
अखेयराज के मुताबिक जगदीश रावत ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि उसने ट्रैक्टर मांगा था, लेकिन अखेयराज ट्रैक्टर क्यों नहीं दे रहा है। इस पर किसान ने कहा कि उसे भी खेती के काम के लिए ट्रैक्टर की जरूरत है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। किसान ने गाली-गलौज का विरोध किया तो आरोप है कि लल्लू रावत ने उसे जान से मारने की नीयत से कट्टे से फायर कर दिया।
उंगली में लगी गोली, खून निकलते ही घर में भागा
फायरिंग में गोली अखेयराज के बाएं हाथ के अंगूठे के पास वाली उंगली के ऊपरी पोर में लगी। उंगली से खून निकलने लगा। गोली लगने के बाद किसान घबरा गया और खुद को बचाने के लिए घर के अंदर चला गया। आरोप है कि हमलावर यहीं नहीं रुके और उसके पीछे घर में घुस आए।
घर में पकड़कर बांधा, सरिया और लाठी से हमला
अखेयराज का आरोप है कि घर में घुसने के बाद योगेश और रंजीत ने उसे पकड़ लिया और उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद जगदीश ने सरिया से उसके सिर पर वार किया, जिससे सिर में चोट लगने के बाद खून बहने लगा। वहीं मनीष ने लाठी से मारपीट की। इस पूरी घटना में किसान के साथ पांच लोगों द्वारा हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है।
वीडियो बनवाने और धमकी देने का भी आरोप
फरियादी ने यह भी आरोप लगाया है कि लल्लू रावत ने गोली मारने की धमकी देकर उससे जबरन वीडियो बनवाया। जाते समय आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद घायल किसान ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।