कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस में एनएच-46 स्थित बाईपास क्रॉसिंग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से बाइक सवार को ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक सवार युवक बाइक समेत कंटेनर के आगे फंस गया। इसके बाद कंटेनर उसे कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया।
हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर हुई टक्कर और उसके बाद का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। हादसे में नोहरी कला निवासी करीब 40 वर्षीय हरि सिंह जाटव गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया।
जीजा के घर जा रहे था हरि सिंह
जानकारी के अनुसार हरि सिंह जाटव बाइक से पनवारी गांव में अपने जीजा के घर जा रहे थे। इसी दौरान जब वह अन्नपूर्णा होटल के सामने स्थित बाईपास क्रॉसिंग पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान सड़क पर एक गाय आ गई थी। कंटेनर चालक ने गाय को बचाने की कोशिश की और इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद कंटेनर बाइक से जा टकराया।
टक्कर के बाद कंटेनर में फंसी बाइक
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हरि सिंह बाइक समेत कंटेनर के आगे फंस गए। कंटेनर कुछ दूरी तक चलता रहा और घायल बाइक सवार भी उसके साथ घसीटता चला गया। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल हरि सिंह सड़क पर पड़े मदद का इंतजार करते रहे।
एंबुलेंस का इंतजार, राहगीर ने कार से पहुंचाया अस्पताल
बताया गया कि हादसे के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस का इंतजार किया गया, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। इसी दौरान रामगढ़ से शिवपुरी की ओर जा रहे चंद्रपाल यादव की नजर घटनास्थल पर जमा भीड़ पर पड़ी। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राहगीरों की मदद से घायल हरि सिंह को अपनी कार में बैठाया और सीधे कोलारस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें आगे के उपचार के लिए **जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया।
मदद करने के बजाय वीडियो बना रहे थे लोग
घटना के बाद सामने आई एक और बात ने लोगों की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए। चंद्रपाल यादव के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर काफी लोग जमा हो गए थे। कुछ लोग घायल की मदद करने के बजाय अपने मोबाइल फोन से हादसे का वीडियो बनाने में लगे हुए थे। ऐसे समय में जब घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की जरूरत थी, मदद के लिए आगे आए चंद्रपाल यादव ने अपनी कार को ही एंबुलेंस बना दिया और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
CCTV फुटेज से जुटाई जा रही जानकारी
हादसे का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने भी घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर हादसे की परिस्थितियों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किस परिस्थिति में हुआ और कंटेनर की गति कितनी थी। पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
एक हादसा, कई सवाल
एनएच-46 जैसे व्यस्त मार्ग पर हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और मानवीय संवेदनशीलता दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ सड़क पर वाहनों की रफ्तार और अचानक सामने आने वाले पशुओं से होने वाले हादसों का खतरा है, तो दूसरी तरफ दुर्घटना के बाद घायल को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना भी बड़ी चुनौती बन जाता है।
इस हादसे में समय पर एक राहगीर द्वारा दिखाई गई तत्परता ने घायल को अस्पताल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। अब पुलिस जांच और CCTV फुटेज के आधार पर हादसे की पूरी तस्वीर सामने आने का इंतजार है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।