शिवपुरी। शिवपुरी सिटी कोतवाली मे अमृत विहार कॉलोनी निवासी कृष्णा धाकड पर मामला दर्ज कर लिया है। कृष्णा धाकड के घर पर एक युवक को करंट लग गया था जिससे वह मरणासन्न हो गया। वर्तमान मे करंट से घायल युवक का ग्वालियर मे इलाज चल रहा है। घायल युवक की बहन ने इस मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस को की है।
फरियादिया काजल शाक्य (घायल की बहन) ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि उनका भाई सौरभ शाक्य अपने दोस्त सुमित शाक्य के साथ 6 अगस्त की सुबह अमृत विहार कॉलोनी में कबाड़ खरीदने गया था। कबाड़ की आवाज सुनकर कृष्णा धाकड़ नाम की महिला घर से बाहर आई और दोनों को छत पर रखी एक पुरानी साइकिल और लोहे की जाली लाने को कहा।
सुमित द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जब सौरभ ने छत की सीढ़ियों से कबाड़ उतारने की बात कही, तो कृष्णा धाकड़ ने उन्हें सामान छत से ही नीचे फेंकने को कहा। सौरभ और सुमित ने महिला को सचेत किया कि छत के पास से हाईटेंशन लाइट के तार निकल रहे हैं और करंट लग सकता है। इसके बावजूद, महिला ने यह कहते हुए सामान फेंकने का दबाव बनाया कि "करंट नहीं लगेगा।"
जाली उठाते ही हुआ हादसा
जैसे ही सौरभ ने लोहे की जाली को नीचे फेंकने के लिए उठाया, जाली हाईटेंशन तारों से टकरा गई। जोरदार करंट लगने से सौरभ बुरी तरह झुलस गया और छत से सीधे जमीन पर आ गिरा। गिरने की वजह से उसके सिर के पिछले हिस्से में भी गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।
ग्वालियर में चल रहा है इलाज
हादसे के बाद साथी सुमित ने एक राहगीर की मदद से सौरभ को ठेले पर डालकर सिद्धिविनायक अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज शिवपुरी और फिर वहां से सीधे जयारोग्य अस्पताल (JAH) ग्वालियर रेफर कर दिया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। कोतवाली पुलिस ने मकान मालकिन कृष्णा धाकड़ के खिलाफ हाईटेंशन लाइन होने की जानकारी के बावजूद लापरवाही पूर्वक कबाड़ फिंकवाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।