शिवपुरी। जंगल से निकलकर अब वन्यजीवों की मौजूदगी शहर की चौखट तक पहुंचती नजर आ रही है। रविवार सुबह शिवपुरी के बाजा हाउस के पास स्थित सिंधिया छत्री की दीवार पर एक तेंदुआ बैठा दिखाई दिया। तेंदुए को इतनी नजदीक देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सामने आने के बाद चर्चा का विषय बना हुआ है।
सबसे ज्यादा चिंता उन लोगों में देखी जा रही है, जो रोजाना सुबह दो बत्ती चौराहे से बाजा हाउस तक मॉर्निंग वॉक के लिए निकलते हैं। जिस रास्ते पर सुबह लोग बेफिक्र होकर टहलते हैं, उसी इलाके में तेंदुए की मौजूदगी ने लोगों को सतर्क कर दिया है।
दीवार पर बैठा रहा तेंदुआ, लोगों की नजर पड़ी तो बनाया वीडियो
रविवार सुबह सिंधिया छत्री के आसपास अचानक लोगों की नजर दीवार पर बैठे तेंदुए पर पड़ी। कुछ देर के लिए लोग ठिठक गए। तेंदुआ दीवार पर बैठा नजर आया तो लोगों ने दूर से ही उसका वीडियो बना लिया। वीडियो सामने आने के बाद आसपास के लोगों में तेंदुए को लेकर चर्चा शुरू हो गई। लोगों का कहना है कि यदि तेंदुआ दिन के समय शहर के इतने करीब पहुंच सकता है तो सुबह के समय यहां से गुजरने वाले लोगों के लिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
मॉर्निंग वॉक करने वालों की बढ़ी चिंता
बाजा हाउस से दो बत्ती चौराहे तक का इलाका सुबह के समय काफी सक्रिय रहता है। बड़ी संख्या में लोग यहां मॉर्निंग वॉक के लिए निकलते हैं। ऐसे में तेंदुए का दिखाई देना लोगों के लिए चिंता का कारण बन गया है।
लोगों को सबसे ज्यादा डर इस बात का है कि कहीं तेंदुआ किसी सुनसान हिस्से, झाड़ियों या दीवारों के आसपास छिपकर न बैठा हो। हालांकि तेंदुए ने किसी व्यक्ति पर हमला किया है, ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन वन्यजीव की मौजूदगी को देखते हुए लोगों में दहशत जरूर है।
माधव टाइगर रिजर्व से सटा इलाका, पहले भी दिख चुके हैं तेंदुए
बाजा हाउस और सिंधिया छत्री के आसपास का क्षेत्र माधव टाइगर रिजर्व से लगा हुआ है। यही वजह है कि इस क्षेत्र में समय-समय पर वन्यजीवों की आवाजाही सामने आती रही है। लेकिन इस बार तेंदुआ आबादी वाले क्षेत्र और शहर के बेहद करीब नजर आया है। इससे पहले नॉन कोल्हू की पुलिया और झांसी लिंक रोड के आसपास भी तेंदुए की मौजूदगी देखे जाने की खबरें सामने आ चुकी हैं। इन इलाकों में तेंदुए की गतिविधियां सामने आने के बाद वन विभाग लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देता रहा है।
अब सवाल—क्या शहर की तरफ बढ़ रहा है तेंदुए का मूवमेंट
सिंधिया छत्री की दीवार पर तेंदुए का दिखाई देना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पिछले कुछ समय में शिवपुरी के अलग-अलग हिस्सों में तेंदुए की मौजूदगी सामने आती रही है। नॉन कोल्हू, झांसी लिंक रोड और अब बाजा हाउस के पास तेंदुआ नजर आने से वन्यजीवों की शहर की ओर बढ़ती गतिविधियों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।