शिवपुरी। हर घर तिरंगा' अभियान 9 से 17 अगस्त तक संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन शिवपुरी द्वारा शहर में एक विशाल पैदल 'तिरंगा रैली' का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र छात्राओं ने सहभागिता की। इस दौरान आमजनों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही राष्ट्र ध्वज के सम्मान तथा देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संदेश देते हुए सभी से हर घर पर गर्व से तिरंगा फहराने की अपील की गई।
शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी तिरंगा यात्रा
यह पैदल तिरंगा यात्रा शहर के ऐतिहासिक पोलो ग्राउंड से प्रारंभ हुई। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा की अगुवाई में सभी प्रतिभागी हाथों में राष्ट्रध्वज थामे पैदल चलते हुए अस्पताल चौराहा, माधव चौक चौराहा और गुरुद्वारा चौक सहित शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों और व्यस्त बाजारों से होकर गुजरे। रैली में शामिल स्कूली छात्र-छात्राएं नागरिकों और विद्यार्थियों द्वारा लगाए जा रहे देशभक्तिपूर्ण जयघोषों से पूरा मार्ग गूंज उठा। रैली के माध्यम से शहरवासियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता और जनभागीदारी की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।
आयोजन के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा अमित यादव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा, जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
नागरिकों से सहभागिता की अपील
इस तिरंगा रैली के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा समस्त नगरवासियों से अपील की गई कि 9 से 17 अगस्त तक चल रहे 'हर घर तिरंगा' अभियान की अवधि के दौरान सभी नागरिक अपने-अपने घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराएं और इस राष्ट्रीय उत्सव में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराएं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।