शिवपुरी। शिवपुरी अब केवल पर्यटन और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए ही नहीं, बल्कि देश की रक्षा शक्ति के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी अपनी नई पहचान बनाने जा रहा है। जिले के कोलारस विधानसभा के पाली गांव में बनने वाली अदाणी ग्रुप की 2500 करोड़ की लागत से बनने वाली अत्याधुनिक डिफेंस फैक्ट्री के शिलान्यास अवसर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ऐसा बयान दिया जिसने पूरे कार्यक्रम का केंद्र बिंदु बना दिया।
सिंधिया ने कहा जब भी देश मेंं युद्ध होगा, शिवपुरी से हथियार जाएंगे। यहां से गोला-बारूद जाएगा। यहां के हथियार दुश्मन का सीना चीरेंगे और यहां के युवाओं की मेहनत से तैयार गोला-बारूद दुश्मनों को परास्त करेगा। उनके इस बयान ने स्पष्ट संकेत दिया कि आने वाले समय में शिवपुरी देश के रक्षा उत्पादन में अहम भूमिका निभाने वाला है।
शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अदाणी समूह के निदेशक करण अदाणी और जीत अदाणी सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
शिलान्यास से पहले मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने प्रदर्शनी टेंट का अवलोकन किया। यहां अत्याधुनिक हथियारों, मिसाइलों, डिफेंस इक्विपमेंट और आधुनिक सैन्य तकनीकों का प्रदर्शन किया गया था। दोनों नेताओं ने रक्षा उपकरणों की कार्यप्रणाली और तकनीकी विशेषताओं की जानकारी भी ली तथा रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में इस परियोजना को महत्वपूर्ण कदम बताया।
पाली गांव में नेशनल हाईवे-27 के किनारे स्थापित होने वाली यह डिफेंस फैक्ट्री मध्य प्रदेश के औद्योगिक विकास के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से भी एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना राज्य में रक्षा उद्योग को नई ऊंचाई देगी और बड़े औद्योगिक निवेश को आकर्षित करेगी।
इस परियोजना का सबसे बड़ा लाभ स्थानीय युवाओं को मिलने की उम्मीद है। फैक्ट्री के संचालन से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही परिवहन, लॉजिस्टिक्स, इंजीनियरिंग, तकनीकी सेवाओं और छोटे-बड़े उद्योगों को भी नई गति मिलेगी।
डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित होने के बाद शिवपुरी देश के रक्षा उत्पादन नेटवर्क में एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरेगा। इससे जिले की औद्योगिक पहचान मजबूत होगी और मध्य प्रदेश को रक्षा निर्माण के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। इस फैक्ट्री के कारण जब रक्षा मंत्रालय के मानचित्र पर सितारा की तरह चमगेगा।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।