भौंती/ पिछोर। शिवपुरी जिले पिछोर अनुविभाग के भौंती थाना सीमा में सोमवार सुबह दो फीट जगह के झगड़े एक ठेला व्यवसायी की जान चली गई। खास बात यह है कि झगड़ा किसी बाहरी से नहीं, बल्कि मौसी के बेटे से हुआ था, जिसे खुद मृतक ने ही बाजार में ठेला लगवाना सिखाया था। फिलहाल पुलिस ने मृतक का पीएम करवा कर मर्ग कायम कर लिया है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह 7:30 बजे मृतक देवेंद्र पुत्र बिहारी लाल कोली उम्र 48 साल निवासी भौंती का अपने मौसेरे भाई सोनू पुत्र स्व. प्रेम कोली से ठेला लगाने की जगह को लेकर विवाद हो गया। देवेंद्र जहां मनिहारी का ठेला लगाता था, वहीं सोनू फल का ठेला लगाता है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह देवेंद्र ने सोनू से कहा कि वह अपना ठेला थोड़ा आगे खिसका ले, ताकि वह भी अपना ठेला सही से लगा सके। इसी बात पर दोनों में पहले कहासुनी हुई और फिर धक्का-मुक्की हो गई।
धक्के के दौरान देवेंद्र जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया। परिजनों के अनुसार देवेंद्र पहले से हार्ट पेशेंट था। गिरने के बाद उसे आनन-फानन में मेडिकल कालेज शिवपुरी लाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं थे। वह देवेंद्र की मौत को सामान्य मान रहे थे और सोनू के खिलाफ भी कोई कार्रवाई नहीं चाहते थे। पुलिस और डाक्टरों की कई घंटों की समझाइश के बाद मौत को संदिग्ध मानते हुए पीएम कराया गया।
मेडिकल कालेज चौकी पुलिस ने जीरो पर मर्ग कायम कर केस को जांच के लिए भौंती थाने भेज दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सोनू को बाजार में ठेले की जगह दिलवाने वाला खुद देवेंद्र ही था, आज उसी जगह को लेकर हुए विवाद ने उसकी जान ले ली। पुलिस पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।