भाजपा नेता गोलू का रिश्वत से भरा ऑडियो वायरल, कलेक्टर तक घूस पहुंचाने की बात

vikas
0
shivpuri-news

शिवपुरी।
शिवपुरी में भाजयुमो जिलाध्यक्ष चुनाव से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। ऑडियो में 1.20 लाख रुपये के कथित लेन-देन और रिपोर्ट कलेक्टर तक पहुंचने की बात सुनाई दे रही है। हालांकि, जिस व्यापारी का नाम इस बातचीत से जोड़ा जा रहा है, उसने खुद थाने पहुंचकर पूरे मामले को साजिश बताते हुए पुलिस से जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिलाध्यक्ष चुनाव से ठीक पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित ऑडियो ने जिले की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। वायरल ऑडियो में दो लोगों के बीच पैसों के लेन-देन की बातचीत सुनाई दे रही है, जिसमें एक व्यक्ति दूसरे से 1.20 लाख रुपये की मांग करते हुए यह कहता सुनाई देता है कि रिपोर्ट कलेक्टर तक पहुंच जाएगी। इस ऑडियो को सोशल मीडिया पर भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रुद्राक्ष उर्फ गोलू गौड़ के नाम से प्रसारित किया जा रहा है।

मामला सामने आने के बाद शहर के आतिशबाजी थोक व्यापारी नवोदित उर्फ गुड्डू खंडेलवाल ने सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने स्पष्ट कहा है कि उनका रुद्राक्ष गौड़ से कोई परिचय नहीं है और न ही कभी उनके बीच किसी प्रकार की बातचीत हुई है। ऐसे में उनके नाम को जोड़कर ऑडियो वायरल करना उनकी छवि खराब करने और जिले का माहौल बिगाड़ने की साजिश है।

खंडेलवाल ने पुलिस से मांग की है कि वायरल ऑडियो की तकनीकी जांच कराई जाए और यह पता लगाया जाए कि इसे किसने तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। उनका कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की अफवाहें फैलाकर किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान न पहुंचाया जा सके।

बताया जा रहा है कि वायरल ऑडियो में बातचीत के दौरान टूरिस्ट विलेज होटल का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि बातचीत में यह स्पष्ट नहीं होता कि कथित पैसों का लेन-देन किस उद्देश्य से किया जा रहा है। ऑडियो की सत्यता की भी अब तक किसी स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इधर, रुद्राक्ष उर्फ गोलू गौड़ ने भी पूरे मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि व्यापारी द्वारा थाने में शिकायत दी जा चुकी है और इस संबंध में खंडन भी जारी किया गया है। उनका कहना है कि वायरल ऑडियो के जरिए उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

गौरतलब है कि इन दिनों भाजयुमो जिलाध्यक्ष पद को लेकर संगठन के भीतर चर्चाएं तेज है और रुद्राक्ष गौड़ का नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल बताया जा रहा है। ऐसे में चुनावी माहौल के बीच सामने आए इस वायरल ऑडियो ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है। 

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!