शिवपुरी। सुख, समृद्धि, प्रेम, सौंदर्य और ऐश्वर्य के कारक ग्रह शुक्र ने शनिवार दोपहर सिंह राशि में प्रवेश कर लिया है। 1 अगस्त तक चलने वाला यह गोचर सभी 12 राशियों के जीवन पर अलग-अलग प्रभाव डालेगा। ज्योतिषाचार्यों का मानना है कि इस दौरान जहां मेष और वृषभ राशि के जातकों के लिए उन्नति, आर्थिक लाभ और नए अवसरों के योग बनेंगे, वहीं कुछ राशियों को धन, निवेश और कार्यक्षेत्र से जुड़े मामलों में सोच-समझकर कदम उठाने होंगे। प्रेम संबंधों से लेकर करियर, विवाह, संपत्ति और भौतिक सुख-सुविधाओं तक, शुक्र का यह राशि परिवर्तन कई अहम बदलावों का संकेत दे रहा है।
अगस्त तक सिंह राशि में रहेंगे शुक्र
शिवपुरी के ज्योतिषाचार्य विकासदीप शर्मा के अनुसार शनिवार दोपहर शुक्र ग्रह कर्क राशि से निकलकर सिंह राशि में प्रवेश कर चुके हैं। अब 1 अगस्त तक शुक्र सिंह राशि में ही गोचर करेंगे, इसके बाद वे कन्या राशि में प्रवेश करेंगे। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार शुक्र का यह परिवर्तन प्रेम, दांपत्य जीवन, आर्थिक स्थिति, करियर, कला, फैशन, मनोरंजन और विलासिता से जुड़े क्षेत्रों पर विशेष प्रभाव डालता है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में कई लोगों को नए अवसर प्राप्त होंगे, जबकि कुछ जातकों को जल्दबाजी में निर्णय लेने से बचना चाहिए।
मेष राशि के लिए सफलता के नए द्वार खुलेंगे
मेष राशि के लिए शुक्र दूसरे और सातवें भाव के स्वामी हैं तथा गोचर के दौरान पंचम भाव में विराजमान रहेंगे। इससे प्रेम संबंधों में मधुरता आएगी और अविवाहित लोगों के लिए नए रिश्तों के योग बन सकते हैं। विद्यार्थियों, कलाकारों, लेखकों, मीडिया, अभिनय और रचनात्मक क्षेत्रों से जुड़े लोगों के लिए यह समय विशेष रूप से अनुकूल रहेगा। करियर में नई जिम्मेदारियां मिलने के साथ-साथ आय में वृद्धि और एक से अधिक क्षेत्रों में सफलता मिलने की संभावना भी प्रबल रहेगी।
वृषभ राशि वालों को मिलेगा घर, वाहन और संपत्ति का सुख
वृषभ राशि के लिए शुक्र लग्न और छठे भाव के स्वामी हैं। गोचर के दौरान वे चौथे भाव में रहेंगे, जिससे परिवार में सुख-शांति और सकारात्मक वातावरण बना रहेगा। माता का सहयोग मिलेगा तथा वाहन, भूमि, भवन और संपत्ति से जुड़े कार्यों में सफलता मिलने की संभावना है। नया वाहन खरीदने, घर की साज-सज्जा कराने या घरेलू सुविधाओं पर खर्च करने के योग भी बन रहे हैं। आर्थिक स्थिति पहले की तुलना में अधिक मजबूत हो सकती है।
मिथुन राशि को धन और निवेश में बरतनी होगी सावधानी
मिथुन राशि के लिए शुक्र पंचम और द्वादश भाव के स्वामी हैं और गोचर के दौरान तीसरे भाव में रहेंगे, जिसे साहस, पराक्रम और संचार का भाव माना जाता है। इस दौरान कार्यक्षेत्र में भागदौड़ बढ़ सकती है और आय पर कुछ दबाव महसूस होगा। आत्मविश्वास में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। ज्योतिषाचार्य ने सलाह दी है कि निवेश, लेन-देन और बड़े आर्थिक फैसले सोच-समझकर लें। हालांकि लगातार प्रयास और धैर्य बनाए रखने से परिस्थितियां धीरे-धीरे अनुकूल होती जाएंगी।
प्रेम, विवाह और करियर पर भी पड़ेगा असर
ज्योतिषाचार्य का कहना है कि शुक्र का गोचर केवल आर्थिक मामलों तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह प्रेम संबंधों, वैवाहिक जीवन, सामाजिक प्रतिष्ठा और व्यक्तिगत आकर्षण को भी प्रभावित करता है। इस अवधि में कई लोगों के जीवन में नए रिश्तों की शुरुआत हो सकती है, वहीं विवाहित लोगों के दांपत्य जीवन में मधुरता आने के संकेत हैं। करियर और व्यवसाय में भी नए अवसर मिलने की संभावना बनी रहेगी।
वैदिक ज्योतिष में शुक्र का विशेष महत्व
वैदिक ज्योतिष में शुक्र को सुख, समृद्धि, प्रेम, सौंदर्य, कला, फैशन, संगीत, मनोरंजन, वैवाहिक जीवन, विलासिता और रचनात्मक प्रतिभा का कारक ग्रह माना जाता है। शुक्र वृषभ और तुला राशियों के स्वामी हैं। इनकी उच्च राशि मीन तथा नीच राशि कन्या मानी जाती है। भरणी, पूर्वा फाल्गुनी और पूर्वाषाढ़ा नक्षत्रों का स्वामित्व भी शुक्र के पास है। बुध और शनि इनके मित्र ग्रह माने जाते हैं, जबकि सूर्य और चंद्रमा शत्रु ग्रह हैं।
सभी राशियों पर रहेगा प्रभाव
ज्योतिषाचार्य विकासदीप शर्मा का कहना है कि सिंह राशि में शुक्र का यह गोचर सभी 12 राशियों के जीवन में किसी न किसी रूप में परिवर्तन लेकर आएगा। हालांकि इसका प्रभाव प्रत्येक व्यक्ति की जन्म कुंडली, दशा और ग्रहों की स्थिति के अनुसार अलग-अलग हो सकता है। इसलिए किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय से पहले अपनी व्यक्तिगत कुंडली का विश्लेषण कराना अधिक उचित रहेगा।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।