शिवपुरी, बधाई मांगने के इलाके की जंग, किन्नरो में सघंर्ष, बाल काटे, कपडे फाडे,वीडियो वायरल

vikas
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी।
शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा के खतौरा कस्बे से एक बेहद सनसनीखेज और अमानवीय मामला सामने आया है। मंगलवार शाम को किन्नरों के दो गुटों के बीच क्षेत्र  के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि सड़क पर सरेआम खूनी संघर्ष में बदल गया। इस हिंसक झड़प में दो किन्नरों को बेरहमी से पीटा गया, उनके कपड़े फाड़े गए और कैंची से बाल तक काट दिए गए। 

घटना का एक विचलित करने वाला वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए 8 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रन्नौद की रहने वाली नेहा किन्नर अपनी साथी मुस्कान किन्नर, बेबी किन्नर, हसीना किन्नर और गाड़ी के ड्राइवर देवेंद्र रजक के साथ खतौरा कस्बे में एक मेडिकल स्टोर के पास खड़ी थीं। इसी दौरान वहां ईसागढ़ की रहने वाली प्रिंसी किन्नर, आशी उर्फ आशू किन्नर, जोया किन्नर और तमन्ना किन्नर अपने साथियों के साथ पहुंच गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच अपने-अपने कार्यक्षेत्र (बधाई मांगने के इलाके) को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया।

जमीन पर पटककर पीटा, सिर से बहा खून
आरोप है कि ईसागढ़ गुट के लोगों ने रन्नौद गुट की मुस्कान किन्नर को सड़क पर पटक दिया और उन पर लात-घूंसों की बरसात कर दी। इस हमले में मुस्कान के सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। क्रूरता की हदें पार करते हुए हमलावरों ने मुस्कान के कपड़े फाड़ दिए और कैंची से उनके बाल काट दिए। जब नेहा किन्नर अपनी साथी मुस्कान को बचाने दौड़ीं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी बर्बरतापूर्वक मारपीट की और उनके भी बाल काट दिए।

अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों लहूलुहान और घायल किन्नरों को तत्काल बदरवास के उप-स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति और सिर की चोट को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत शिवपुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां मुस्कान किन्नर का इलाज फिलहाल जारी है।

कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में पहले ही दी थी अर्जी
चौंकाने वाली बात यह है कि इस खूनी वारदात के होने से महज कुछ घंटे पहले ही रन्नौद की भावना किन्नर ने शिवपुरी कलेक्ट्रेट पहुंचकर जनसुनवाई में एक शिकायती आवेदन दिया था। आवेदन में उन्होंने कुछ विरोधी किन्नरों पर जान से मारने की धमकी देने, मारपीट करने और झूठे मुकदमों में फंसाने की साजिश रचने का आरोप लगाया था। भावना किन्नर ने प्रशासन से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की थी, लेकिन इसके पहले कि प्रशासन कोई ठोस कदम उठाता, शाम को यह बड़ी वारदात हो गई।

धर्म परिवर्तन का एंगल' गुरु ने लगाए गंभीर आरोप
इस पूरे मामले में एक नया और संवेदनशील मोड़ तब आया जब पीड़ित पक्ष की गुरु 'जगत मां काजल ठाकुर' ने मीडिया के सामने आकर इसे एक बड़ी साजिश करार दिया। यह पूरी घटना अशोकनगर की चांदनी किन्नर के इशारे पर सोची-समझी साजिश के तहत की गई है। हमारे कुछ चेलों ने अपनी मर्जी से मुस्लिम धर्म छोड़कर सनातन (हिंदू) धर्म अपना लिया है। इसी बात से नाराज होकर विरोधी गुट उन पर दोबारा मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बना रहा था और ऐसा न करने पर यह जानलेवा हमला करवाया गया।

पुलिस की कार्रवाई: 8 आरोपियों पर मुकदमा
घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और पीड़ितों के बयानों के आधार पर पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। पीड़ित नेहा किन्नर की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रिंसी किन्नर, आशी उर्फ आशू किन्नर, जोया किन्नर, तमन्ना किन्नर, भावना किन्नर, सकीना किन्नर, शिखा किन्नर और वैष्णवी किन्नर के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है और जल्द ही गिरफ्तारियां की जाएंगी। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल सतर्क है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!