शिवपुरी मे मंत्री की जनचौपाल में फूटा गुस्सा, बिजली विभाग चोर है कि नारो से गुंज उठा धाय महादेव मंदिर

vikas
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी।
शिवपुरी जिले  मे आने वाले खोड़ गांव में आयोजित जनचौपाल उस समय हंगामे और नाराजगी का केंद्र बन गई, जब पिछोर तहसील के वीरा गांव से पहुंचे ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर के सामने ही बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। धाय महादेव मंदिर परिसर में चल रहे कार्यक्रम में अचानक गूंजे बिजली विभाग चोर है के नारों ने वहां मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। ग्रामीणों का आरोप था कि महीनों से गांव में टूटे पड़े बिजली के खंभों और तारों की शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं।

रविवार को आयोजित इस जनचौपाल में ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे थे। कार्यक्रम में कलेक्टर अर्पित वर्मा, शिवपुरी विधायक देवेन्द्र जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। इसी बीच वीरा गांव के ग्रामीण अपनी शिकायत लेकर सामने पहुंचे और बिजली विभाग के खिलाफ खुलकर आक्रोश जताने लगे।

खेतों में पड़े हैं टूटे खंभे और तार, हादसे का खतरा
ग्रामीणों ने मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर को बताया कि गांव में कई स्थानों पर बिजली के खंभे टूटे हुए हैं और तार जमीन पर पड़े हैं। कुछ तार तो खेतों के बीच लटक रहे हैं, जिससे किसानों और पशुओं के लिए लगातार खतरा बना हुआ है। बारिश का मौसम शुरू होने से स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। ग्रामीणों का कहना था कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन विभाग इसे लेकर गंभीर नहीं है। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। समस्या जस की तस बनी हुई है।

एक दिन पहले भी उठाया था मुद्दा, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों ने बताया कि एक दिन पहले आयोजित जनचौपाल में भी उन्होंने यही समस्या उठाई थी। उस दौरान अधिकारियों ने शीघ्र समाधान का भरोसा दिया था, लेकिन अगले दिन तक भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री के सामने ही अपना विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का कहना था कि जब स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं हुई तो उन्हें मंत्री के सामने अपनी पीड़ा रखने के लिए मजबूर होना पड़ा।

रिश्वत मांगने के आरोप से बढ़ा मामला
जनचौपाल में सबसे गंभीर आरोप ग्रामीण सुखेन्द्र राय ने लगाया। उन्होंने बताया कि उनके खेत से गुजरने वाली बिजली लाइन का खंभा और तार काफी समय से टूटे पड़े हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी जब समाधान नहीं हुआ तो उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से संपर्क किया।

सुखेन्द्र राय का आरोप है कि विभागीय कर्मचारियों ने खंभा और तार ठीक कराने के एवज में 3 हजार रुपये की मांग की। उन्होंने यह भी दावा किया कि फरवरी माह में जब तार टूट गया था, तब उनके पिता को तार जुड़वाने के लिए 1500 रुपये देने पड़े थे। इन आरोपों के सामने आने के बाद जनचौपाल में मौजूद लोगों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई।

मंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
ग्रामीणों की शिकायत और बढ़ते आक्रोश को देखते हुए ऊर्जा मंत्री ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद बिजली विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीणों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जाए और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट सीधे उन्हें उपलब्ध कराई जाए। मंत्री के हस्तक्षेप के बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। हालांकि ग्रामीणों का कहना था कि वे अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होंगे, बल्कि जमीनी स्तर पर काम होते देखना चाहते हैं।

सवालों के घेरे में विभाग की कार्यप्रणाली
जनचौपाल में सामने आए आरोपों ने एक बार फिर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते टूटे खंभे और तार नहीं सुधारे गए तो बारिश के दौरान कोई बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं रिश्वत मांगने के आरोपों ने भी विभाग की छवि पर सवालिया निशान लगा दिया है।

अब देखना यह होगा कि ऊर्जा मंत्री के निर्देशों के बाद बिजली विभाग कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और वीरा गांव के लोगों को उनकी समस्या से कब तक राहत मिलती है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!