शिवपुरी। कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान शिवपुरीवासियों को बुधवार शाम मौसम ने बड़ी राहत दी। दिनभर बादलों की लुकाछिपी के बाद शाम को अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज झोंकेदार हवाओं के साथ शहर में बारिश हुई। बारिश से जहां लोगों को उमस से राहत मिली, वहीं शाम का मौसम बेहद सुहावना हो गया।
बुधवार को सुबह से ही आसमान में बादलों का आना-जाना लगा रहा। हालांकि दिनभर गर्मी और उमस बनी रही, जिससे लोग परेशान रहे। शाम करीब 4 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाएं चलने लगीं। दक्षिण दिशा की ओर काले बादल घिर आए, जिसके बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में बारिश शुरू हो गई। कुछ देर बाद बादल छंटे और धूप भी निकल आई, लेकिन बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम खुशनुमा बना रहा।
गुरुवार के लिए बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने गुरुवार को भी शिवपुरी जिले में मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना जताई है। जारी पूर्वानुमान के अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर वज्रपात (बिजली गिरने) की संभावना भी जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
सात दिन में 6 डिग्री तक गिरा तापमान
मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार शिवपुरी में बीते एक सप्ताह के दौरान दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। 11 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस था, जो 17 जून तक घटकर 34 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यानी सात दिनों में दिन का पारा करीब 6 डिग्री नीचे आ गया। वहीं 15 जून को अधिकतम तापमान 36 डिग्री दर्ज किया गया था, जो दो दिन बाद घटकर 34 डिग्री रह गया। न्यूनतम तापमान भी 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
प्रदेश के सबसे ठंडे शहरों में शामिल रहा शिवपुरी
मौसम केंद्र के अनुसार बुधवार को शिवपुरी प्रदेश के उन शहरों में शामिल रहा, जहां अधिकतम तापमान सबसे कम दर्ज किया गया। शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लगातार सक्रिय हो रहे प्री-मानसून सिस्टम के कारण आगामी दिनों में भी तापमान में और गिरावट तथा बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
बारिश के बाद शहर के पार्कों, सड़कों और बाजारों में लोगों ने राहत महसूस की। शाम के समय ठंडी हवाओं और सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए लोग घरों से बाहर भी निकले। मौसम विभाग का मानना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में जिले में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।