शिवपुरी। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिका प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ द्वारा चलाए जा रहे ‘विशेष स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान’ के तहत बुधवार को सुभाष पार्क मंडी से लेकर कोर्ट रोड तक प्रशासन का सख्त रवैया देखने को मिला। अभियान के दौरान जहां गंदगी और अतिक्रमण हटाया गया, वहीं नियम तोड़ने वालों को कड़ी चेतावनी भी दी गई।
सुभाष पार्क मंडी में दिखा बदलाव
नगर पालिका की टीम जब सुभाष पार्क सब्जी मंडी और वार्ड क्रमांक-22 में पहुंची तो वहां पहले की तुलना में व्यवस्थाएं काफी बेहतर दिखाई दीं। प्रशासन की पूर्व चेतावनी का असर साफ नजर आया और अधिकांश ठेला संचालकों ने निर्धारित सीमा में रहकर व्यापार करना शुरू कर दिया था। हालांकि निरीक्षण के दौरान जहां-जहां खुले डस्टबिन और सड़क पर फैला कचरा मिला, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डस्टबिन जब्त कर लिए।
सीएमओ इशांक धाकड़ ने मौके पर ही स्पष्ट कर दिया कि अब सड़क पर कचरा फेंकने और सार्वजनिक स्थानों को गंदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नालियों की सफाई, बंद दुकानें भी खुलवाईं
अभियान केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं रहा। नगर पालिका टीम ने बाजार क्षेत्र की नालियों की विशेष सफाई भी करवाई ताकि बारिश के मौसम से पहले जलभराव की समस्या न हो। निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानें बंद मिलीं, जिनके संचालकों को मौके पर बुलाकर दुकानें खुलवाई गईं।
दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि यदि उन्होंने स्वच्छता नियमों का पालन नहीं किया तो चालानी कार्रवाई के साथ सामान जब्ती की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।
अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर
अभियान के दौरान लंबे समय से सड़क और यातायात में बाधा बने पक्के अतिक्रमणों पर भी नगर पालिका ने कार्रवाई की। कई स्थानों पर अवैध निर्माण तोड़े गए और व्यापारियों को अंतिम चेतावनी दी गई कि वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा प्रशासन जब्ती और ध्वस्तीकरण की बड़ी कार्रवाई करेगा।
कोर्ट रोड मंडी में लगवाई ठेलों की लाइन
सुभाष पार्क के बाद प्रशासनिक टीम कोर्ट रोड फल एवं सब्जी मंडी पहुंची। यहां अव्यवस्थित तरीके से खड़े ठेलों को व्यवस्थित लाइन में लगवाया गया। व्यापारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि सड़क सीमा से बाहर किसी भी प्रकार का ठेला, टोकरी या सामान रखा मिला तो तत्काल जब्ती की कार्रवाई होगी।
स्वच्छ शिवपुरी बनाना सबकी जिम्मेदारी
नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य व्यापारियों को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर में स्थायी सुधार लाना है। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से “स्वच्छ शिवपुरी, स्वस्थ शिवपुरी” अभियान में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने दो टूक कहा कि नियमों का पालन करने वालों को पूरा सहयोग मिलेगा, लेकिन बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अब और अधिक कठोर कदम उठाए जाएंगे।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।