BF ने GF को इतना पीटा कि 4 दिन एडमिट रही फिर जहर खा लिया- BHOPAL NEWS

भोपाल। 
राजधानी भोपाल में बॉयफ्रेंड से तंग आकर युवती ने जहर खा लिया। युवती के परिजनों ने उसके लिव-इन-पार्टनर पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि बॉयफ्रेंड ने उसे इतना पीटा कि चार दिन तक वह अस्पताल में एडमिट रही।

मामला अशोका गार्डन इलाके में गुरुवार दोपहर 12 बजे का है। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए आत्महत्या की असली वजह का खुलासा नहीं हो सका है। इधर परिवार वालों ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप लगाया कि लड़की जब भी पार्टनर की शिकायत करने जाती थी, पुलिस लिखित समझौता करा देती थी।

एकतापुरी ग्राउंड के पास शंकर गार्डन की रहने वाली आयुषी जैन (22) पुत्री राकेश जैन ने 10वीं तक पढ़ाई की थी। वह घर में ही रहती थी। पिता सब्जी का ठेला लगाते हैं। गुरुवार दोपहर आयुषी ने जहर खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे। थोड़ी देर बाद उसने दम तोड़ दिया। घटनास्थल से पुलिस ने सल्फास की शीशी बरामद की है।

आयुषी के बड़े भाई राहुल ने बताया कि घर के सामने रहने वाले नवनीत तोमर ने इसी साल अप्रैल में बहन को प्रेम जाल में फंसा लिया। वह उस पर शादी का दबाव बनाने लगा। नवनीत नशे का आदी है। क्रिमिनल प्रवृत्ति का है। इस कारण हम लोग शादी का विरोध कर रहे थे। इसे लेकर अशोका गार्डन थाने भी गए। पुलिस ने दोनों को बालिग बताकर कार्रवाई से मना कर दिया। इसके बाद 12 अक्टूबर 2022 को नवनीत ने एफिडेविट बनवाकर आयुषी को बरखेड़ा पठानी ले जाकर रख लिया। कुछ समय बाद वह आयुषी के साथ मारपीट करने लगा। इसकी जानकारी आयुषी की दोस्त ने हमें दी। हम आयुषी को उसके पास से घर लेकर आ गए। नवनीत ने उसे इतना मारा कि 4 दिन तक उसे अस्पताल में एडमिट करना पड़ा। जब वो ठीक हुई, तो नवनीत के खिलाफ शिकायत करने की बात कहने लगी।

आयुषी को लेकर हम महिला थाने गए, तो पुलिस ने अशोका गार्डन थाने भेज दिया। वहां गए तो हमें गोविंदपुरा थाने भेज दिया गया। गोविंदपुरा थाने में पुलिस ने नवनीत गुर्जर को बुलाया। इसके बाद नवनीत मर्जी से साथ रहने का एफिडेविट लेकर थाने पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने भी मारपीट की कार्रवाई करने की बजाय दोनों पक्षों का नया एफिडेविट बनवाकर चलता कर दिया।

हम शपथकर्तागण बचपन से एक दूसरे को भलीं-भांति जानते व पहचानते हैं। 12 अक्टूबर 2022 से हम शपथकर्तागण आपसी सहमति से लिवइन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इस दौरान हमारी संतान का जन्म नहीं हुआ। अब हमारे बीच ताल-मेल नहीं हो पा रहा है। इस कारण से 3 नवंबर 2022 से संबंधों को खत्म करते हैं। महिला डेस्क गोविन्दपुरा भोपाल में शिकायत की गई थी, जिसकी शपथकर्तागण को महिला डेस्क के माध्यम से समझाइश दी गई। हमारा समझौता निम्न शर्तों पर हो गया है। हम एक-दूसरे से कभी भी बातचीत या मुलाकात नही करेंगे। ना ही किसी प्रकार का संबंध रखेंगे। अपने-अपने मोबाइल से वीडियो, ऑडियो व मैसेज डिलीट कर दिए हैं। हमारे इस फैसले से दोनों के परिजन माता-पिता भी सहमत हैं।

भाई राहुल ने बताया कि वो बैंकिंग सेक्टर में नौकरी खोज रहा है। इसके चलते वो ज्यादा बाहर ही रहता था। गुरुवार को घटना के वक्त राहुल होशंगाबाद इंटरव्यू देने जा रहा था, तभी उसे बहन के जहर खाने की सूचना मिली। राहुल ने बताया कि 4 दिन पहले मम्मी ने बताया कि वो किसी से चिल्ला-चिल्लाकर फोन पर बात कर रही थी। जब मम्मी ने पूछा, तो बोली दोस्त से बात कर रही हूं, लेकिन बाद में बताई कि नवनीत उसे परेशान कर रहा है। घर वालों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। भाई बाहर रहता है। मुझे डर लग रहा है।