शिवपुरी। नगरपालिका अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ धरने पर बैठे दो भाजपा पार्षद श्रीमति नीलम अनिल बघेल और अरूण पंडित का धरना आज दूसरे दिन भी जारी रहा। धरने में दोनों वार्डों की महिलाएं भी शामिल हुईं। भाजपा पार्षदों ने नगरपालिका अध्यक्ष कुशवाह पर उनके वार्ड की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है तथा कहा है कि उनके कार्यकाल में नगरपालिका के स्टोर में न तो मोटर न पाइप और न ही केबल है। यदि कोई सामान उपलब्ध भी होता है तो उन्हें नगरपालिका अध्यक्ष के पुत्र के हाथ पैर जोडऩे पड़ते हैं।
कल भाजपा पार्षद श्रीमति नीलम अनिल बघेल और अरूण पंडित नगरपालिका परिसर में अचानक नपाध्यक्ष के खिलाफ धरने पर बैठ गए। उन्होंने नपाध्यक्ष पर सिंध का पानी शहर में आने में अडंगा लगाने का आरोप लगाया है और कहा भ्रष्टाचार में लिप्त होन के कारण श्री कुशवाह सिंध का पानी शहर में आने देना नहीं चाह रहे ताकि उनका टैंकरों में कमीशन का खेल चलता रहे।
नपाध्यक्ष के कारण उनके वार्ड में समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। पार्षद श्रीमति बघेल ने बताया कि उनके वार्ड में पेयजल समस्या गंभीर रूप से व्याप्त है। मोटरें फुंकी पड़ी हैं, पाइप बढ़ाने की आवश्यकता है, लेकिन नगरपालिका में न तो मोटरें हैं और न ही पाइप और केबल।
दोनों पार्षदों ने नपा प्रशासन पर आरोप लगाया कि वह ठेकेदारों से सांठ-गांठ कर जनता के कामों में रोड़े अटका रहे हैं। श्री बघेल ने नपाध्यक्ष कुशवाह के पुत्र पर नगरपालिका में ठेकेदारी करने का आरोप मढ़ा। दोनों पार्षदों ने कहा कि जब तक उनके वार्ड की समस्याएं हल नहीं होंगी वह धरना समाप्त नहीं करेंगे। उनका धरना प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।
अन्य भाजपा पार्षदों ने नहीं दिया धरने में सहयोग
दो भाजपा पार्षदों के धरने में अन्य भाजपा पार्षद शामिल नहीं हुए। कल बताया गया था कि भाजपा पार्षदों के मड़ीखेड़ा जाने के कारण वह धरने में शामिल नहीं हुए, लेकिन आज भी भाजपा पार्षद धरना स्थल पर नहीं पहुंचे।
इस पर पूर्व पार्षद अनिल बघेल ने सफाई दी कि उन्होंने भाजपा पार्षदों से धरने में शामिल होने के लिए सहयोग नहीं मांगा था, क्योंकि यह धरना उनके वार्ड की समस्याओं के लिए था।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।