किसानो ने किया बाईपास पर चक्काजाम, कांग्रेस और भाजपा में भिंडत

शिवपुरी। प्याज बेचने आए किसानों ने आज मंडी प्रशासन के खिलाफ मुखर स्वर में आवाज बुलंद की और शोषण का आरोप लगाते हुए चक्का जाम किया। किसानों द्वारा आंदोलन करने का समाचार फैलते ही कांग्रेस ने इस चक्काजाम का समर्थन करते हुए इस आंदोलन में भाग लिया। बताया गया है यह कांग्रेसी नेता और भाजपा नेता में झडप होने की खबर ाी आ रही है। 

शिवपुरी में इन दिनों प्याज की ब फर आबक हो रही है। प्रतिदिन यहां एबी रोड़ पर निर्मित अस्थाई सब्जी मंडी में 350-400 ट्रेक्टर ट्राली आ रही हैं। किसानों का आरोप है कि तीन दिन से उनके माल की खरीद नहीं हुई है और ट्रेक्टर ट्रालियां यहां खड़ी हुई हैं। 

लेकिन न तो प्रशासन और न ही मंडी प्रशासन उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। भीषण गर्मी में किसानों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था भी नहीं है और रात होते ही पूरे मंडी क्षेत्र में बिजली न होने के कारण अंधकार छा जाता है। 

जिसका फायदा उठाकर उनके प्याज की चोर चोरी कर ले जाते हैं। व्यापारियों और आड़तियों द्वारा उनका शोषण भी किया जा रहा है। इन समस्याओं को लेकर किसानों ने आज सुबह जोरदार नारेबाजी करते हुए चक्काजाम कर दिया।

किसानों ने कांग्रेस नेताओं को फोन लगाकर आंदोलन का नेतृत्व संभालने को कहा। इस पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामसिंह यादव और उनकी टीम सुबह 7 बजे मंडी क्षेत्र में आ गई जिससे आंदोलन और उग्र हो गया।

इसके बाद प्रशासन सचेत हुआ तथा नायब तहसीलदार को मौके पर भेजा गया। टीआई ने भी कमान संभाल ली। नायब तहसीलदार सुनील प्रभात ने कांग्रेस नेताओं और किसानों से समस्यायें सुनी। किसानों के आंदोलन के कारण मंडी में चार पांच घंटे तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा। 

यह कांग्रेसी पहुंचे आंंदोलन स्थल पर 
जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामसिंह यादव, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धार्थ लढ़ा, नगर पालिका अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह, उपाध्यक्ष अन्नी शर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष पारम रावत, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरवीर सिंह रघुवंशी, राजेन्द्र शर्मा, कपिल भार्गव, अवतार सिंह गुर्जर, सहित अनेक कांग्रेसी मौके पर पहुंच गए। 

कांग्रेसियों ने शासन और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद प्रशासन की ओर से मध्यस्थता करने के लिए नायब तहसीलदार सुनील प्रभात और टीआई संजय मिश्रा मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने किसानों की समस्या का निराकरण करने के लिए आज शाम बैठक आहुत की है। 

मंडी उपाध्यक्ष कुशवाह से हुई कांग्रेस नेताओं की झड़प 
आंदोलन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा से जुड़े मंडी उपाध्यक्ष कैलाश कुशवाह को घेर लिया। कांग्रेसियों की श्री कुशवाह से तीखी झड़प हुई। विधायक रामसिंह यादव, उपाध्यक्ष अन्नी शर्मा और हरवीर सिंह रघुवंशी ने श्री कुशवाह से कहा कि उनके नेतृत्व में मंडी में किसानों का शोषण हो रहा है। अभी तक कोई स्थाई मंडी नहीं बनी है। कांग्रेसियो के इस जबाव में कैलाश कुशवाह ने अपने कार्यकाल में किसानो के हित में लिए गए निर्णयो को बताया।

प्रतिदिन मंडी में आ रही है 30-35 लाख रूपए की प्याज 
शिवपुरी मंडी में इन दिनों 30 से 35 लाख रूपए की प्याज की आवक हो रही है।  एक ट्राली में लगभग 50 मन प्याज आती है और प्रतिदिन लगभग 350 ट्रालियों से अधिक ट्रालियां बिकने के लिए आ रहीं है। आंकड़ों के हिसाब से 18 से 20 हजार मन प्याज की आवक शिवपुरी में हो रही है। 

जहां तक प्याज की दर का सवाल है तो 50 रूपए  मन से लेकर 400 रूपए मन तक प्याज बिक रही है और इस दर में इतना बड़ा अंतर ही किसानों के शोषण का कारण बना हुआ है। 

किसानों का आरोप है कि व्यापारी 10 प्रतिशत माल ही 400 रूपए मन की दर पर खरीदते हैं और अधिकाश माल औने पौने दामों में खरीद रहे हैं। आड़त भी दो प्रतिशत के स्थान पर पांच प्रतिशत बसूली जा रही है। बट्टे के नाम पर भी व्यापारियों द्वारा कटौती की जा रही है।